गुमशुदगी दर्ज कराने वाला बोला- पत्नी है, थाने पहुंची महिला ने पहचानने से किया इनकार - Shivpuri

बैराड़ थाने में आमने-सामने हुए दोनों, महिला ने साथ जाने से किया मना; बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

शिवपुरी। जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की गुमशुदगी का मामला उस समय दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया, जब उसे तलाश कर पुलिस थाने लेकर आई। महिला की गुमशुदगी दर्ज कराने वाले रामभजन ने उसे अपनी पत्नी बताया था, लेकिन थाने पहुंचने पर महिला ने उसे पहचानने और पति मानने से ही इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, महिला ने उसके साथ जाने से भी साफ मना कर दिया। थाने में दोनों के आमने-सामने होने पर जमकर बहस हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, ग्वालियर निवासी रामभजन बैराड़ क्षेत्र में बटाई पर खेती करता है। उसने अगस्त महीने में एक महिला को अपनी पत्नी बताते हुए उसके लापता होने की शिकायत बैराड़ थाने में दर्ज कराई थी। महिला का पता नहीं चलने पर उसने पुलिस अधीक्षक की जनसुनवाई में पहुंचकर भी कार्रवाई की मांग की थी।

इसके बाद पुलिस ने महिला की तलाश शुरू की और अक्टूबर में उसका पता लगा लिया। पुलिस द्वारा संपर्क किए जाने पर महिला ने रामभजन को अपना पति मानने से इनकार कर दिया। बाद में कोतवाली पहुंचकर महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी में दिए गए बयान में भी उसने स्पष्ट किया कि रामभजन उसका पति नहीं है और वह उसके साथ नहीं जाना चाहती।

मामले की स्थिति स्पष्ट करने के लिए पुलिस ने दोनों को बैराड़ थाने बुलाकर आमने-सामने बैठाया। इस दौरान दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। रामभजन अपनी बात पर अड़ा रहा, जबकि महिला ने उसके साथ वैवाहिक संबंध होने से इनकार कर दिया। इसी घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

रामभजन का दावा- बीमार हालत में आई थी महिला

रामभजन का कहना है कि महिला बीमार हालत में उसके पास आई थी। उसने उसे अपने साथ रखकर इलाज कराया और देखभाल की। तबीयत ठीक होने के बाद महिला उसे छोड़कर चली गई, जिसके चलते उसने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। रामभजन महिला को अपनी पत्नी मानता है और इसी आधार पर उसकी तलाश कर रहा था।

महिला ने बताई अलग कहानी

दूसरी ओर, महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी मुरैना निवासी एक युवक से हुई थी। कुछ साल साथ रहने के बाद उसके पति ने उसे अपने परिचित ट्रक ड्राइवर रामभजन के साथ भेज दिया था। महिला के इस बयान के बाद दोनों के रिश्ते को लेकर विवाद और गहरा गया।

ग्रामीणों के बीच महिला के करीब छह से सात महीने तक रामभजन के साथ रहने और दोनों के बीच रुपयों के लेनदेन की चर्चाएं भी हैं। हालांकि, आर्थिक लेनदेन की पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद समझाइश दी और उन्हें अलग-अलग रवाना कर दिया। महिला ने अपने बयान में रामभजन को पति मानने से इनकार किया था। फिलहाल इस मामले में दोनों के दावे अलग-अलग हैं और थाने में हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म