कोलारस-लुकवासा उप स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर जताई नाराजगी, कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
कोलारस। लुकवासा उप स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और कथित अनियमितताओं को लेकर कोलारस एवं लुकवासा के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोलारस बीएमओ सुनील खंडोलिया को ज्ञापन सौंपकर केंद्र में पदस्थ डॉ. संजय राठौर के खिलाफ जांच एवं उचित कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि डॉ. संजय राठौर निर्धारित समय पर नियमित रूप से स्वास्थ्य केंद्र में उपस्थित नहीं रहते हैं। इसके चलते उपचार के लिए पहुंचने वाले मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ता है और समय पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ नहीं मिल पाता। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डॉक्टर के मरीजों के प्रति व्यवहार और उपचार संबंधी कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्र आमजन के लिए उपचार का प्रमुख माध्यम हैं। ऐसे में स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही सीधे जनता के हितों को प्रभावित करती है। शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है कि ग्रामीणों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीएमओ से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोलारस जनहित में व्यापक आंदोलन और उग्र प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी। इसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन की होगी।
Tags
Kolaras