पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर घर के बाहर हुई मारपीट, तीनों घायल जिला अस्पताल में भर्ती; पुलिस दर्ज कर रही बयान
कोलारस - शिवपुरी जिले के इंदार थाना क्षेत्र के आरी गांव में पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घर का बिजली का तार काटने का विरोध करने पर पड़ोसी परिवार के लोगों ने तीन सगे भाइयों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में बादल सिंह यादव, समुंदर सिंह यादव और लाखन सिंह यादव घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायलों के मुताबिक, गांव के ही गोपाल सिंह यादव और चंद्रभान सिंह यादव के परिवार से उनका लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। शुक्रवार को आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके बीपीएल बिजली कनेक्शन का तार काट दिया। जब तीनों भाइयों ने इसका विरोध किया तो गोपाल सिंह, चंद्रभान सिंह, हरदेव सिंह और सुरेंद्र यादव लाठी-डंडे लेकर उनके घर पहुंच गए। यहां घर के बाहर ही तीनों भाइयों के साथ मारपीट की गई।
घटना में तीनों भाई घायल हो गए, जिन्हें परिजनों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
इंदार थाना प्रभारी विवेक यादव ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अस्पताल पहुंचकर उनके बयान दर्ज कर रही है। बयान और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Tags
Kolaras