खेत पर पानी देने गए किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पत्नी ने छह लोगों पर लगाया हत्या का आरोप - Shivpuri

राजापुर महुआ गांव की घटना, परिजनों ने पुरानी रंजिश और धमकियों का जताया संदेह; मेडिकल कॉलेज में पैनल से कराया गया पोस्टमार्टम

शिवपुरी। जिले के मायापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राजापुर महुआ गांव में खेत पर पानी देने गए 35 वर्षीय किसान इमरत लाल लोधी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पत्नी ने गांव के ही छह लोगों पर पति के साथ मारपीट कर हत्या करने और शव को खेत की गीली मिट्टी में दबाने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद से परिवार में आक्रोश है। परिजनों ने पुरानी रंजिश की आशंका जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, इमरत लाल लोधी सोमवार शाम अपनी पत्नी सविता के साथ गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर खेत पर पानी देने गए थे। पत्नी के मुताबिक, रात करीब तीन बजे छह लोग खेत पर पहुंचे। इनमें से तीन लोगों ने इमरत को पकड़ लिया, जबकि अन्य तीन ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। सविता का आरोप है कि इसी दौरान एक व्यक्ति ने उनकी आंखें बंद कर दीं और तीन लोग उनके पति को अपने साथ दूर ले गए। कुछ देर बाद उन्हें पकड़कर रखने वाले लोग भी वहां से चले गए।

इसके बाद सविता ने खेत में अपने पति की तलाश शुरू की। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे इमरत खेत में पानी और गीली मिट्टी के बीच संदिग्ध अवस्था में मिले। उनका सिर और मुंह मिट्टी में धंसा हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

बोरवेल पाइप निकालने को लेकर हुआ था विवाद

परिजनों के अनुसार, करीब 10 दिन पहले मृतक के भाई हरिभान लोधी और रघुराज धाकड़ के बीच बोरवेल का पाइप निकालने वाले वाहन को लेकर विवाद हुआ था। परिवार का आरोप है कि इस विवाद के बाद से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं। मृतक के परिजनों ने रघुराज, नातिराजा, अविकेश, ब्रजेश, छोटू और राजपाल पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है।

परिजनों ने वर्ष 2009 की एक पुरानी घटना का भी जिक्र किया है। उनका कहना है कि उस समय इमरत के चाचा की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या किए जाने की घटना हुई थी। परिवार को आशंका है कि वर्तमान घटना के पीछे भी पुरानी रंजिश हो सकती है।

पोस्टमार्टम को लेकर बनी असहमति

मामले में पोस्टमार्टम को लेकर परिजनों और पुलिस के बीच शुरुआती तौर पर सहमति नहीं बन पाई थी। इसके बाद मंगलवार शाम शव को शिवपुरी मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां बुधवार को डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया।

मायापुर थाना प्रभारी मनोज राजपूत के अनुसार, घटना के करीब तीन घंटे बाद पुलिस को सूचना मिली थी। पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो शव उस स्थिति में नहीं मिला, जिस स्थिति में परिजनों ने उसे पहले देखने की बात बताई थी। फिलहाल मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल 35 वर्षीय इमरत लाल लोधी की मौत हत्या है या हादसा, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। वहीं, मृतक की पत्नी सविता ने छह लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म