12 से 14 नवंबर तक शिवपुरी, कोलारस और पिछोर में रहेंगे सक्रिय; खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ, सड़क-पुल निर्माण सहित कई परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण एवं भूमिपूजन
शिवपुरी। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 12 से 14 नवंबर 2026 तक शिवपुरी जिले के तीन दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान उनका दौरा शिवपुरी, कोलारस और पिछोर क्षेत्र पर केंद्रित रहेगा। प्रवास के दौरान वे विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन के साथ राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा स्थानीय कार्यक्रमों, जनसंवाद और विभिन्न सामाजिक एवं संगठनात्मक बैठकों में भी शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय मंत्री सिंधिया 11 नवंबर की रात्रि शिवपुरी पहुंचेंगे। यहां वे ठंडी सड़क, महल कॉलोनी, विजयपुरम और झांसी रोड क्षेत्र में नागरिकों से सौजन्य भेंट करेंगे। इसके बाद टूरिस्ट विलेज में रात्रि विश्राम करेंगे।
12 नवंबर : खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ और कोलारस क्षेत्र में विकास कार्य
प्रवास के पहले दिन 12 नवंबर को केंद्रीय मंत्री श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयीन एथलेटिक्स चैंपियनशिप (अंडर-17 बालक-बालिका) तथा अंडर-18 अंतर-जिला क्रिकेट टूर्नामेंट के शुभारंभ समारोह में शामिल होंगे।
इसके बाद वे कोलारस विधानसभा क्षेत्र के सेसई सड़क में स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। भदौता में विभिन्न सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों तथा सिंहराई माता मंदिर क्षेत्र में विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इसके बाद रन्नौद एवं अजलेश्वर में स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। केलधार स्थित कपिल मुनि आश्रम क्षेत्र में विभिन्न सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करेंगे।
दिन के अंतिम कार्यक्रमों में शिवपुरी के नक्षत्र गार्डन में युवा संवाद आयोजित होगा। यहां वे युवाओं के साथ संवाद करने के साथ इन्फ्लुएंसर्स और कलाकारों से भी चर्चा करेंगे।
13 नवंबर : पिछोर क्षेत्र में कार्यक्रम, फल मंडी का भ्रमण और रैन बसेरा का भूमिपूजन
13 नवंबर को केंद्रीय मंत्री सुबह रॉबर्टसन रोड पर विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। इसके बाद नवीन स्थानांतरित फल मंडी पहुंचकर मंडी का भ्रमण करेंगे और व्यापारी संघ के प्रतिनिधियों से चर्चा करेंगे।
इसके पश्चात ग्राम भौंती में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। पिछोर में आयोजित कार्यक्रम के बाद गणेश खेड़ा और खोड़ में स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। खोड़ स्थित धाय महादेव मंदिर में दर्शन करने के बाद मनपुरा में भी स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे।
शाम को शिवपुरी में मेडिकल कॉलेज के समीप प्रस्तावित रैन बसेरा का भूमिपूजन करेंगे। इसके बाद नक्षत्र गार्डन में जिला कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होंगे। दिन के अंतिम चरण में मनियर टोल टैक्स, साईंपुरा और चिंताहरण मंदिर के समीप आयोजित स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
14 नवंबर : माधो महाराज जयंती में होंगे शामिल, कोलारस को भी मिलेगी विकास कार्यों की सौगात
तीन दिवसीय प्रवास के अंतिम दिन 14 नवंबर को केंद्रीय मंत्री माधव चौक पर आयोजित माधो महाराज जयंती कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद जनसंपर्क कार्यालय में जनसंपर्क करेंगे।
इसके पश्चात वे कोलारस स्टेडियम पहुंचकर विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। वहीं लोहादेवी मंदिर क्षेत्र में भी विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। कार्यक्रमों के समापन के बाद वे ग्वालियर के लिए प्रस्थान करेंगे।
केंद्रीय मंत्री के इस तीन दिवसीय दौरे के दौरान जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में सड़क, पुल, खेल, शहरी सुविधाओं और अन्य विकास कार्यों से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। दौरे को लेकर स्थानीय स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
Tags
Shivpuri