राष्ट्रीय स्कूल गेम्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य समापन, पदक विजेता खिलाड़ियों को कलेक्टर ने किया सम्मानित - Shivpuri


12 से 16 नवंबर तक चली राष्ट्रीय स्पर्धा में देशभर के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक

शिवपुरी। श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स एथलेटिक्स अंडर-17 बालक प्रतियोगिता का 16 नवंबर को गरिमामय समारोह के साथ समापन हुआ। पांच दिनों तक चली इस राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों एवं खेल संस्थाओं से आए खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, खेल कौशल और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ 12 नवंबर को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया था।

समापन समारोह में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों तथा उनके प्रशिक्षकों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर कलेक्टर वर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और टीम भावना का भी विकास होता है। खेल जीवन में चुनौतियों का सामना करने और निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी लगन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इन खिलाड़ियों ने जीते पदक

प्रतियोगिता की ऊंची कूद स्पर्धा में तमिलनाडु के साक्थिवेल वी.एन. ने स्वर्ण पदक, महाराष्ट्र के उज्ज्वल विजय खिराले ने रजत तथा केरल के मोहम्मद रबीह ने कांस्य पदक हासिल किया।

400 मीटर हर्डल्स में तमिलनाडु के निखिल धरशन आर. ने स्वर्ण, केरल के अर्चित एस. नायर ने रजत और तमिलनाडु के पविन कुमार एस. ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

1500 मीटर दौड़ में उत्तर प्रदेश के मो. समीर खान ने प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। झारखंड के सुभाष ओरांव ने रजत तथा उत्तर प्रदेश के विनय कुमार ने कांस्य पदक प्राप्त किया।

हैमर थ्रो स्पर्धा में उत्तर प्रदेश के सुधीर ने स्वर्ण, विद्या भारती के अंकुर पटेल ने रजत और राजस्थान के दीपांशु ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं 4×100 मीटर रिले दौड़ में उत्तर प्रदेश की टीम ने स्वर्ण, तमिलनाडु की टीम ने रजत और केरल की टीम ने कांस्य पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की।

राष्ट्रीय खेल आयोजन से शिवपुरी को मिली नई पहचान

पांच दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन से शिवपुरी को राष्ट्रीय खेल गतिविधियों के मानचित्र पर महत्वपूर्ण पहचान मिली। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और आपसी सौहार्द का परिचय दिया। समापन समारोह में खिलाड़ियों के बीच उत्साह और उमंग का माहौल रहा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म