न्यायोत्सव के तहत जेल में बंदियों को बताए कानूनी अधिकार, समस्याएं सुनकर निराकरण के दिए निर्देश - Shivpuri


विधिक जागरूकता शिविर में नशे के दुष्परिणामों की दी जानकारी, बंदियों को नशा छोड़ने की दिलाई शपथ

शिवपुरी। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार जिले में आयोजित न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह 2026 के तहत सोमवार को सर्किल जेल शिवपुरी में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं पुनर्वास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। साथ ही उनकी समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद सोनी के निर्देशन तथा जिला न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के सचिव कौशलेन्द्र सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इस दौरान भदौरिया ने बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों और उपलब्ध विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी देते हुए स्वास्थ्य एवं पुनर्वास के प्रति जागरूक किया।

बंदियों की समस्याएं सुनकर निराकरण के दिए निर्देश

शिविर के दौरान बंदियों ने अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बताते हुए आयुर्वेदिक दवाइयों की उपलब्धता की मांग रखी। इस पर जेल में आयुष शिविर आयोजित कराने का आश्वासन दिया गया। कुछ बंदियों ने समय पर पेशी नहीं होने की समस्या उठाई, जिस पर संबंधित न्यायाधीशों से चर्चा कर पेशी सुनिश्चित कराने की बात कही गई। वहीं कुछ बंदियों ने अपने बच्चों से बातचीत नहीं हो पाने की समस्या बताई। इस पर जेल प्रशासन को आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।

बंदियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं भावनात्मक कल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बंदी जितेन्द्र ने भजन प्रस्तुत किया।

नशा छोड़ने की दिलाई शपथ

कार्यक्रम में नालसा की 'डॉन-नशा मुक्त भारत के लिए योजना 2025' के तहत बंदियों को मादक एवं नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक और मानसिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही नशा पीड़ितों के लिए नालसा की विधिक सेवा योजना और नशे की रोकथाम के उपायों के बारे में बताया गया। उपस्थित बंदियों को नशे से दूर रहने और नशा छोड़ने की शपथ भी दिलाई गई।

इस अवसर पर जेल अधीक्षक विदित सिरवैया सहित जेल स्टाफ एवं बड़ी संख्या में बंदी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म