शिवपुरी में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया गोवर्धन पर्व
स्वदेशी नस्ल के अधिक दुग्ध उत्पादन वाले पशुपालक हुए पुरस्कृत
शिवपुरी - गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर शिवपुरी स्थित लुधावली गौशाला में श्रद्धा, भक्ति एवं पारंपरिक उल्लास के साथ पूजा-अर्चना का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधायक देवेंद्र जैन, कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा यादव एवं जनपद अध्यक्ष श्रीमती हेमलता रावत की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ गौमाता का पूजन कर जिले की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई। आयोजन ने गौसेवा, संरक्षण और भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं का प्रेरणादायी संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक जैन ने गोवर्धन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा गोवर्धन पूजा को शासकीय स्तर पर मनाने की पहल का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं को प्रोत्साहन देने के साथ समाज को गौसेवा और गौसंरक्षण से जोड़ना है। शासन द्वारा गौशालाओं के निर्माण एवं संचालन के लिए आर्थिक सहयोग दिया जाता है, लेकिन समाज की सहभागिता से इनका बेहतर संचालन संभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि समय के साथ पशुपालन में कमी आई है और गोचर भूमि की उपलब्धता घटने से परंपरागत गोपालन प्रभावित हुआ है, इसलिए हमें पुनः गोपालन को बढ़ावा देने के लिए सामूहिक प्रयास करने होंगे।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने लुधावली स्थित गौशाला परिसर का सूक्ष्मता से अवलोकन कर संपूर्ण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अतिथियों ने परिसर के आंतरिक एवं बाहरी हिस्सों, सुरक्षा प्रबंधों, शेड तथा ढांचागत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाने पर जोर दिया; साथ ही गौवंश के लिए उपलब्ध चारे-पानी, साफ-सफाई, चिकित्सा व रख-रखाव की स्थिति देखकर मौके पर मौजूद प्रबंधकों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए। भ्रमण के क्रम में अतिथियों द्वारा गौशाला परिसर में स्थापित गोबर गैस प्लांट का भी विशेष रूप से निरीक्षण कर उसकी कार्यप्रणाली को समझा गया, जिसके माध्यम से गोबर से गैस और जैविक खाद का निर्माण कर गौशाला प्रबंधन तथा पर्यावरण संरक्षण में प्रभावी मदद मिल रही है।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ गौ पूजन
गौशाला में गोवर्धन पूजा के साथ-साथ गौ पूजन भी संपन्न किया। कलेक्टर अर्पित वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा यादव,जनपद अध्यक्ष श्रीमती हेमलता रावत,जिला पंचायत सीईओ विजय राज ने गोवर्धन पूजा की। पूरे विधि विधान के साथ यह पूजा संपन्न हुई।
विधायक देवेंद्र जैन ने इस अवसर पर अपने हाथों से गौमाता को चारा खिलाकर उनका आदर-सत्कार किया तथा जिले की खुशहाली तथा प्रगति की कामना करते हुए गोसेवा का संदेश दिया।
'गोपाल-कृष्ण ग्राम योजना’ के तहत उत्कृष्ट पशुपालक को मिला पुरस्कार
लुधावली स्थित गौशाला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ‘गोपाल-कृष्ण ग्राम योजना’ अंतर्गत पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न हुआ, जिसका उद्देश्य उन्नत नस्ल की देशी गायों के संवर्धन, संरक्षण तथा पशुपालकों को प्रोत्साहित करना है। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा उत्कृष्ट पशुपालन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले वृंदावन ग्रामों के पशुपालकों को प्रमाण पत्र और पुरस्कार वितरित किए गए। सम्मानित होने वाले प्रमुख पशुपालकों में साहिवाल नस्ल की गाय पर प्रतिदिन 13.64 लीटर दुग्ध उत्पादन के साथ प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विवेक तोमर (ग्राम गुर्रिछा, पोहरी), साहिवाल नस्ल पर 8.67 लीटर दुग्ध उत्पादन के साथ प्रथम स्थान पाने वाले ओमकार सिंह (ग्राम रामगढ़, कोलारस), गिर नस्ल पर 6.35 लीटर दुग्ध उत्पादन के साथ प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले श्री धर्मेन्द्र ओझा (ग्राम रायश्री, शिवपुरी), साहिवाल नस्ल पर 6.27 लीटर दुग्ध उत्पादन के साथ प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सबल सिंह (ग्राम जैतपुर, करैरा), साहिवाल नस्ल पर 6.2 लीटर दुग्ध उत्पादन के साथ द्वितीय स्थान पाने वाले शक्ति सिंह यादव (ग्राम रामगढ़, कोलारस), गिर नस्ल पर 8.15 लीटर दुग्ध उत्पादन के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विश्वनाथ प्रताप सिंह यादव (ग्राम रामगढ़, कोलारस), गिर नस्ल पर 12.92 लीटर दुग्ध उत्पादन के साथ द्वितीय स्थान पाने वाले हुकुम सिंह बघेल (ग्राम गुर्रिछा, पोहरी) तथा गिर नस्ल पर 7.54 लीटर दुग्ध उत्पादन के साथ तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले पर्वत केवट (ग्राम चमरौआ, पिछोर) तथा पुरस्कार विजेता एक अन्य पशुपालक शामिल रहे।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए गौशाला सेवक और चालक का सम्मान
कार्यक्रम के अंत में गौशाला के संचालन और व्यवस्थाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाले नगर पालिका के जेसीबी ड्राइवर श्री वीरेंद्र शर्मा तथा गौशाला सेवक को अतिथियों द्वारा जैकेट पहनाकर और मिठाई भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रशासन की ओर से की गई इस सराहना से कर्मचारियों का उत्साहवर्धन हुआ है तथा सभी को पूरी निष्ठा के साथ गौसेवा कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।
Tags
Shivpuri