राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस पर सर्किल जेल में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित
शिवपुरी। राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के अवसर पर सोमवार को सर्किल जेल शिवपुरी में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर में बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों, निशुल्क विधिक सहायता और न्याय प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद सोनी के निर्देशन तथा जिला न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के सचिव कौशलेंद्र सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
शिविर में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी श्रीमती प्रत्यक्षा कुलेश ने बंदियों को संबोधित करते हुए कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी व्यक्ति आर्थिक कमजोरी अथवा अन्य अक्षमता के कारण न्याय से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि पात्र व्यक्तियों को निशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए विधिक सेवा प्राधिकरण प्रतिबद्ध है।
इस दौरान बंदियों को निशुल्क विधिक सहायता, कानूनी सलाह, जेल अपील, जेल लीगल एड क्लीनिक, विचाराधीन बंदियों की समीक्षा के लिए गठित यूटीआरसी तथा नालसा की स्पृहा योजना सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
शिविर के दौरान न्यायिक अधिकारी ने बंदियों की व्यक्तिगत समस्याएं भी सुनीं और उनके उचित निराकरण के लिए मौके पर मौजूद जेलर को आवश्यक निर्देश दिए।
कार्यक्रम में सर्किल जेल के जेलर सिरोमणि पाण्डेय सहित जेल का प्रशासनिक अमला उपस्थित रहा। जेल प्रशासन के सहयोग से विधिक साक्षरता शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
Tags
Shivpuri