मंगलम वृद्धाश्रम में वरिष्ठजनों को कराया ध्यान और श्वास अभ्यास, तनावमुक्त जीवन का दिया संदेश - Shivpuri

हार्टफुलनेस संस्था के सहयोग से आयोजित हुआ विशेष सत्र, मानसिक शांति और सकारात्मक चिंतन के बताए तरीके

शिवपुरी। वरिष्ठजनों के मानसिक स्वास्थ्य और कल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत मंगलम वृद्धाश्रम में विशेष ध्यान एवं श्वास अभ्यास सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन हार्टफुलनेस संस्था के सहयोग से किया गया, जिसमें वृद्धजनों को तनावमुक्त रहने और मानसिक शांति बनाए रखने के सरल तरीके बताए गए।

सत्र के दौरान वरिष्ठजनों को श्वास अभ्यास, रिलैक्सेशन तकनीक और सकारात्मक चिंतन का अभ्यास कराया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि नियमित ध्यान और श्वास अभ्यास से मानसिक तनाव कम करने, भावनात्मक संतुलन बनाए रखने और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में मदद मिल सकती है।

कार्यक्रम में हार्टफुलनेस संस्था की ओर से आलोक शर्मा, जया शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। वहीं सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से सामाजिक सुरक्षा अधिकारी लवकेश पाराशर एवं उदयेंद्र राजपूत मौजूद रहे।

इस पहल का उद्देश्य वृद्धजनों को दैनिक जीवन में अपनाए जा सकने वाले सरल अभ्यासों से परिचित कराना और उन्हें स्वस्थ, सहज एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रोत्साहित करना है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म