
पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र दास ने बुधवार सुबह जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की। उन्हें गंभीर हालत में रीजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत गंभीर है। साल 2014 बैच के आईपीएस अफसर सुरेंद्र दास बलिया के रहने वाले हैं। पिछले महीने ही उनका ट्रांसफर कानपुर हुआ। उनकी पत्नी डॉक्टर है और वह कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज से एमडी कर रही हैं। उनका परिवार लखनऊ में रहता है।
वेंटिलेटर पर हैं सुरेंद्र दास- रीजेंसी अस्पताल के डॉक्टर राजेश अग्रवाल ने बताया कि बुधवार सुबह एसपी ईस्ट सुरेंद्र दास को हॉस्पिटल लाया गया। जब जांच की गई तो उनकी पल्स काम नही कर रही थी। ब्लड प्रेशर भी रिकार्डेबल नही था। स्थिति को देखते हुए उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉ. राजेश ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि उन्होंने क्या खाया। लेकिन हमनें जहरीला पदार्थ खाने को लेकर उनका ट्रीटमेंट शुरू किया है।
घरेलू कलह हो सकती है वजह- सुरेंद्र दास को देखने अस्पताल पहुंचे एसपी पश्चिमी संजीव सुमन के मुताबिक उनकी हालत बहुत नाजुक है। उन्होंने कहा, " जैसा की हम लोगो ने पता किया है कि वह अपने परिवार को लेकर परेशान थे। अभी कोई सुसाइड नोट मिलने की जानकारी मेरे संज्ञान में नहीं आई है।" जानकारी के मुताबिक सुरेंद्र ने सुबह 4 बजे के आसपास जहरीला पदार्थ खाया है।