कोलारस। आज के आधुनिक, मिलावटी खान-पान एवं भाग-दौड की जिंदगी में हर व्यक्ति अपने स्वास्थ्य के प्रति हमेशा से चिंतित रहा है और वह चाहता है कि देशी औषधियों से उसका स्वास्थ्य नियंत्रित रहे। गायत्री परिवार द्वारा पूरे भारत में विभिन्न संस्थानों पर लोगों की निरोगी काया हेतु रसाहार वितरण केन्द्र खोले जा रहे हैं। इसी तारतम्य में विगत दिवस गायत्री शक्ति पीठ कोलारस पर रसाहार वितरण केन्द्र का शुभारंभ किया गया। केन्द्र के खुलने से लोगों को मनचाहा रस प्राप्त होकर स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है। गायत्री शक्ति पीठ के संचालक जेपी शर्मा तथा श्रीमती हेमलता शर्मा एडवोकेट द्वारा बताया गया है कि लोगों की माँग अनुसार रसाहार वितरण केन्द्र खोला गया है। केन्द्र पर सेवा के रूप में मामूली शुल्क 5 रुपए देकर आँवला, एलोवेरा, गिलोय, नीम, लौकी, नारियल दूध, नींबू शहद पानी, ज्वार, चुकंदर, गाजर रस के अलावा अंकुरित अन्न, गाजर, चुकंदर, पालक, मूली का रस मौसम अनुसार मिलेंगे। इन दिव्य औषधियों के रस पान करने से लोगों को स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो रहा है। उन्होंने बताया कि किसका रस पान करने से क्या लाभ होगा। इस सम्बंधी डॉक्टर्स परामर्शानुसार केन्द्र पर चार्ट लगाया गया है। गायत्री परिवार की मंशा है कि सबका कल्याण हो और सभी निरोगी हों। इस हेतु हमारे द्वारा प्रयास किया गया है। प्रतिदिन केन्द्र खुलने का समय सुबह-शाम छह बजे से आठ बजे तक केवल दो-दो घण्टे रहेगा।
Tags
कोलारस