
शिवपुरी - शादी समारोह में दिल्ली से आए 19 लोग लॉकडाउन की वजह से शिवपुरी में फंस गए हैं। सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम तारकेश्वरी कॉलोनी पहुंची। यहां तीन लोगों को खांसी के साथ बुखार की वजह से जिला अस्पताल लाकर सैंपल लिए हैं। तीनों को घर पर ही आइसाेलेशन करा दिया है। वहीं ट्रैवल हिस्ट्री के आधार पर हैदराबाद, गुजरात व भोपाल से लौटे लोगों के भी सैंपल लिए गए हैं।
सूचना पर एएसपी गजेंद्र सिंह कंवर कोतवाली टीआई व ट्रैफिक थाना प्रभारी के साथ तारकेश्वरी कॉलोनी पहुंचे। फल विक्रेता का मकान ढूंढना शुरू किया गया। लोग संबंधित का नाम बताने से गुरेज करते रहे। हालांकि बाद में एक व्यक्ति ने घर बता दिया। व्यक्ति ने पहले चार-पांच लोग बाहर के हाेना बताया। बाद में महिला ने आकर 19 लोगों के नाम गिनाए। बाद में एडीएम आरएस बालोदिया से चर्चा के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। तीन लोगों की हालत ठीक नहीं होने पर अस्पताल लाकर सैंपल कराया गया है। बताया जा रहा है कि यह 20-22 मार्च को शादी में शिवपुरी आए थे। कुछ लोगों को पास जारी हो गया, वे दिल्ली लौट गए। 19 लोग पास जारी नहीं होने पर शिवपुरी में ही फंसे रह गए।
Tags
शिवपुरी