भोपाल. प्रदेश की राजधानी में एक बार फिर सनसनीखेज मामला सामने आया है हनी ट्रैप मामले के बाद नाबालिग बच्चियों का यौन शोषण का मामला प्रदेश की राजधानी सुर्खियां बटोर रहा है.
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में नाबालिग लड़कियों से यौनशोषण कराए जाने का मामला सामने आया है। एक दलाल के इशारे पर लड़कियों को रसूखदारों की पार्टियों और समारोहों में भेजा जाता था। शराब पिलाकर डांस भी कराया जाता था। रातीबड़ पुलिस ने इस मामले का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, रविवार तड़के 3 बजे 5 लड़कियां नशे की हालत में मिलीं। सभी को चाइल्डलाइन को सौंप दिया गया है। काउंसलिंग के बाद पूछताछ में उन्होंने यौन-शोषण किए जाने का खुलासा किया है। यह सभी लड़कियां 14 से 17 साल के बीच की हैं। डीआईजी इरशाद वली ने बताया कि मामले में चर्चित कारोबारी 68 साल के प्यारे मियां और उसकी निजी सचिव स्वीटी पर केस दर्ज किया है।
रातीबड़ पुलिस की मानें तो सुबह गश्त के दौरान पांचों नाबालिग लड़कियां नशे की हालत में मिलीं। पुलिस ने बाहर घूमने का कारण पूछा। जब देखा कि यह बात करने की स्थिति में नहीं हैं तो चाइल्डलाइन को सौंप दिया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे शाहपुरा में विष्णु हाईट्स में एक फ्लैट में पार्टी से आ रही हैं। उन्हें जन्मदिन की पार्टी में डांस करने के लिए भेजा गया था। एक लड़की ने आरोप लगाया कि प्यारे मियां ने उसके साथ ज्यादती भी की है। प्यारे मियां और स्वीटी उनसे यह सब करवाते थे। उन्होंने ही इस पार्टी में भेजा था। प्यारे मियां एक अखबार का मालिक बताया जा रहा है। जबकि स्वीटी श्यामला हिल्स में रहती है।
डीआईजी ने बताया कि स्वीटी को गिरफ्तार कर लिया है। प्यारे मियां की तलाश की जा रही है। दोनों पर पॉस्को एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। बताया जाता है कि प्यारे मियां नाबालिगाें के यौनशोषण के बाद बालिग होने पर शादी करा देता था। इस मामले में कई और रसूखदारों के नाम सामने आए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है।
Tags
भोपाल