भाजपा के प्रत्याशी को जिताने पर कांग्रेसी विधायकों नोटिस जारी
मुसीबतों ने कांग्रेस को एक प्रकार से अपनी चपेट में लेने का मन बना लिया है। अब मणिपुर कांग्रेस में भी दो विधायक बागी पाए जाने पर हडक़ंप के हालात हैं। वहां भाजपा के प्रत्याशी को जिताने पर कांग्रेसी विधायकों को नोटिस जारी किया गया है। कांग्रेस नेतृत्व का आरोप है कि उसके दोनों विधायकों ने पार्टी के राज्यसभा प्रत्याशी को हराया। साथ ही भाजपायी विजेता के विजय समारोह में शरीक भी हुए। इनमें से एक को विरोधी पार्टी के मुख्यमंत्री के साथ चार्टड विमान में यात्रा करने का दोषी भी ठहराया गया है
मणिपुर। प्रदेश कांग्रेस समिति ने अपने दो विधायकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। इन पर आरोप है कि इन्होंने राज्य से एकमात्र राज्यसभा सीट के लिए हाल में हुए चुनाव में भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में मतदान किया। ज्ञात हो कि कांग्रेस ने अपनी ही पार्टी के वांगखेई विधायक ओकराम हेनरी सिंह और सगोलबंद विधायक राजकुमार इमो सिंह को नोटिस जारी किए गए हैं।
नोटिसों में कहा गया है कि आपने राज्यसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करके भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के फैसले के खिलाफ काम किया। दोनों पर जान-बूझकर इस निर्णय का उल्लंघन किये जाने का आरोप भी लगाया गया। कांग्रेस का कहना है कि ऐसा किया जाना पार्टी सिद्धांतों के लिए भी हानिकारक है। उल्लेखनीय है कि भाजपा उम्मीदवार लीसेम्बा सानाजाओबा ने कांग्रेस उम्मीदवार टी मांगी बाबू को हराकर राज्यसभा चुनाव जीता था।
सानाजाओबा को 28 और बाबू को 24 मत मिले थे। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि ओकराम ने भाजपा उम्मीदवार की जीत के बाद आयोजित समारोह में शिरकत की थी। राजकुमार पर पार्टी की अनुमति के बिना 30 जुलाई को चार्टर्ड विमान से मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता एन बीरेन सिंह के साथ नई दिल्ली जाने का आरोप है।
