आगरा में 11 साल की बालिका से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। डिलीवरी ब्वॉय ने इस शर्मनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
थाना न्यू आगरा क्षेत्र में घर के बाहर से 11 साल की बालिका को एक युवक ने अगवा कर लिया। इसके बाद सदर क्षेत्र के टैंक चौराहे के पास ले जाकर युवक ने बालिका से दुष्कर्म किया। एक राहगीर ने उसे देख लिया। इसके बाद पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने लोगों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया। उसके खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी को जेल भेजा गया है।
एक एजेंसी में डिलीवरी ब्वॉय है आरोपी: सीओ सदर
क्षेत्राधिकारी (सीओ) सदर महेश कुमार ने बताया कि आरोपी नंदन कुमार संजय प्लेस की एक चॉकलेट कंपनी की एजेंसी में डिलीवरी ब्वॉय के रूप में काम करता है, जबकि सदर क्षेत्र के एक रेस्टोरेंट में पार्ट टाइम जाब कर रहा था। वह शादीशुदा है। उसकी एक बेटी है। वह डिलीवरी करने ही न्यू आगरा क्षेत्र गया था। तभी बच्ची मिल गई।
उन्होंने बताया कि आरोपी को समय रहते पकड़ लिया। नहीं तो बच्ची की जान को भी खतरा हो सकता था। आरोपी के खिलाफ सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने शराब पी थी। इसके बाद सड़क पर घूमती बच्ची की तलाश में था। इस पर उसे मिल गई। बालिका ने अपने बयान में घटना की बात कही है। परिजनों ने भी तहरीर में दुष्कर्म की बात लिखकर दी।
पुलिस ने आनन-फानन में की कार्रवाई
इरादतनगर क्षेत्र में कुछ दिन पहले एक किशोरी को अगवा कर दुष्कर्म की घटना हुई थी। इस घटना के बाद एक समाज के लोगों ने पंचायत की थी। पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए थे। उधर, हाथरस में युवती की हत्या का मामला सुर्खियों में है। इस घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है। ऐसे में पुलिस बालिका के साथ हुई घटना में किसी तरह की देरी नहीं करना चाहती थी। आनन-फानन में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जेल भेज दिया गया।