पीएम किसान योजनांतर्गत 14 फरवरी तक होगा आधारकार्ड में सुधार
शिवपुरी - पी.एम. किसान योजनांतर्गत आधार अनुसार अंग्रेजी नाम संशोधन किया जाना है। जिले में लंबित 3545 आधार में सुधार हेतु सभी कृषकों के पुनः आधार में ई-केवायसी किया जा रहा है। जिसके लिए प्रत्येक तहसील में निर्धारित केन्द्रों पर 14 फरवरी तक आधारकार्ड में सुधार कार्य किया जा रहा है। प्रभारी अधिकारी भू-अभिलेख ने बताया कि आधारकार्ड में सुधार किए जाने हेतु तहसीलवार आधार केन्द्र निर्धारित किए गए है। जिसमें पुरानी कृषक उपज मण्डी शिवपुरी, लोक सेवा केन्द्र कलेक्ट्रेट ई-गर्वनेंस शिवपुरी, लोक सेवा केन्द्र कलेक्ट्रेट शिवपुरी, आधार सेवा केन्द्र जनपद पंचायत बदरवास, लोक सेवा केन्द्र करैरा, लोक सेवा केन्द्र पोहरी, लोक सेवा केन्द्र बैराड़, नगर परिषद पिछोर, बैंक ऑफ इंडिया कोलारस, मध्यांचल ग्रामीण बैंक पिछोर में कृषकों के आधार में सुधार किया जाएगा। प्रभारी अधिकारी भू-अभिलेख ने बताया कि समस्त पटवारियों को अपने ग्राम के कृषको को जिनके आधार सुधार हेतु लंबित है, उन्हे आधार केन्द्र पर लाने हेतु निर्देश जारी किए गए हैं। समस्त किसानों की ई-केवायसी होने के उपरांत पी.एम. किसान पोर्टल पर आधार सुधार किया जाएगा जिससे कृषकों को उक्त योजना का लाभ प्राप्त हो सके।
