मंडला जिले में पुलिस मुठभेड़ में एक महिला समेत दो नक्सली किए ढेर
मध्यप्रदेश के मंडला जिले के एक जंगल में पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक महिला सहित दो नक्सली मारे गए हैं। यह मुठभेड़ शुक्रवार को शाम को करीब सात बजे से शुरू हुई, जो शनिवार सुबह तक चली। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने लगभग 150 गोलियां चलाईं और इतनी ही गोलियां नक्सलियों की ओर से भी चलाई गईं घटनास्थल पर पुलिस को सेल्फ लोडेउ रायफल (एसएलपी) राइफल, 303 राइफल और 213 बोर की राइफल मिली है। इसके साथ ही वहां से नक्सली साहित्य भी बरामद किया गया है। बता दें, इससे पहले भी मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के लांजी पुलिस थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने तीन वाहन फूंक दिए थे। नक्सलियों ने सड़क निर्माण कार्य को बाधित करने के मकसद से यह कृत्य किया। ये वाहन उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में सड़क संपर्क परियोजना के अंतर्गत काम में लाए जा रहे थे। बालाघाट जिले के पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी ने बताया है कि जिला मुख्यालय से करीब 90 किलोमीटर दूर देबरवेली-मलकुआं मार्ग पर आरसीपीएलडब्लूई अंतर्गत पिछले कुछ दिनों से सड़क निर्माण का काम चल रहा था। शनिवार रात लगभग 11 बजे 10-12 सशस्त्र नक्सलियों ने इसमें खलल डालने की नीयत से तीन वाहनों को जला दिया। इनमें दो ट्रैक्टर एवं एक ट्रक शामिल थे।