भोपाल - सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कैबिनेट की बैठक के दौरान कहा, मध्य प्रदेश में वैक्सीनेशन महा अभियान के सफल क्रियान्वयन पर आप सबको प्रदेश की जनता, कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं, सामाजिक संस्थाओं को मैं हृदय से धन्यवाद देता हूं। सीएम ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने हमें पर्याप्त डोज उपलब्ध कराए। जब से प्रधानमंत्री ने इस अभियान को अपने हाथों में लिया है तब से राज्यों को वैक्सीन के डोज सुलभता से उपलब्ध हो रहे हैं। वैक्सीनेशन जिंदगी है, हम जिंदगी के डोज लगा रहे हैं, इससे बड़ा कुछ और काम नहीं हो सकता। अभियान के प्रथम दिन 16 लाख 95 हजार डोज प्रदेश में लगाए गए हैं।

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कैबिनेट की बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि एक जुलाई से स्थानांतरणों पर से प्रतिबंध हटाया जाएगा। प्रशासनिक आधार पर, मानवीय आधार पर सावधानी के साथ यह प्रतिबंध हटेगा। अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक के 6 पदों को दो वर्ष के लिए करने का निर्णय लिया गया है। कोविड महामारी के कारण से रेत समूह के ठेकेठारों को आ रही वैधानिक कठिनाइयों को दूर करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अंदर सर्व संसाधन युक्त विद्यालयों की स्थापना करने के लिए कैबिनेट ने मंजूरी दी है, प्रत्येक बसाहट के 15 किमी के दायरे में यह विद्यालय उपलब्ध होगा।