केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई का निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। उनके निर्वाचन का औपचारिक ऐलान केंद्रीय चुनाव अधिकारी केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय चुनाव अधिकारी के. लक्ष्मण, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक एवं केशव प्रसाद मौर्य, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और विधान परिषद सदस्य तारिक मंसूर समेत भाजपा के अनेक वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे।
चौधरी के अलावा किसी अन्य उम्मीदवार ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिये नामांकन दाखिल नहीं किया था इस तरह शनिवार को ही उनके निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया था।
निर्वाचन की घोषणा के बाद निवर्तमान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने नवनिर्वाचित प्रान्तीय अध्यक्ष पंकज चौधरी को पार्टी का ध्वज सौंपा वहीं, केंद्रीय चुनाव अधिकारी पीयूष गोयल ने चौधरी को उनके निर्वाचन का प्रमाणपत्र दिया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के विश्वस्त नेता माने जाने वाले केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी वर्ष 2024 में उत्तर प्रदेश की महराजगंज सीट से सातवीं बार सांसद चुने गये थे वह अन्य पिछड़े वर्गों की कुर्मी बिरादरी से आते हैं।
Tags
UP News