शिवपुरी - शिवपुरी जिले के समस्त कृषकों को सूचित किया जाता है कि उर्वरक वितरण को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से अब जिले में उर्वरक का वितरण ई-विकास प्रणाली के माध्यम से किया जा रहा है अतः सभी कृषक उर्वरक प्राप्त करने के लिए अपनी भूमि का एग्रीस्टेक पोर्टल पर पंजीयन कराना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें।
कृषक अपनी भूमि का पंजीयन अपने क्षेत्र के पटवारी के माध्यम से एग्रीस्टेक पोर्टल पर करवा सकते हैं इसके अतिरिक्त कृषक ई-विकास प्रणाली में स्वयं पंजीयन करते समय उपलब्ध लिंक पर क्लिक कर अपनी भूमि की जानकारी एग्रीस्टेक पोर्टल से जोड़ सकते हैं।
भूमि की जानकारी एग्रीस्टेक पोर्टल पर जोड़ने के पश्चात संबंधित पटवारी द्वारा सत्यापन (वेरिफिकेशन) किए जाने पर ही कृषकों को ई-विकास प्रणाली के माध्यम से उर्वरक प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के उप संचालक ने जिले के समस्त कृषकों से अपील की है कि वे शीघ्र ही अपनी भूमि का एग्रीस्टेक पोर्टल पर पंजीयन कराकर उसका सत्यापन करवा लें, ताकि आगामी खरीफ सीजन में उर्वरक वितरण में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
