लंबा टीनशेड,दूसरा प्लेटफार्म बनाने,मेमू ट्रेन चलाने की रखी मांग
बदरवास - बदरवास रेलवे स्टेशन पर उज्जैनी एक्सप्रेस,बांद्रा एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों के स्टॉपेज तथा यात्री सुविधाएं बढ़ाने की मांग को लेकर सामाजिक संस्था रेलवे सुविधा संघर्ष समिति ने गत दिवस बदरवास दौरे पर आए केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को ज्ञापन सौंपकर लंबित मांगों को पूरा कर स्टेशन पर सुविधाएं बढ़ाने की मांग की है।
रेलवे सुविधा संघर्ष समिति के गोविन्द अवस्थी ने बताया कि बदरवास आगमन पर क्षेत्रीय सांसद और केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री को बदरवास स्टेशन पर ट्रेनों के स्टॉपेज तथा अन्य यात्री सुविधाओं को लेकर ज्ञापन सौंपा गया।ज्ञापन में अवगत कराया कि बदरवास रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा हेतु लम्बी दूरी की ट्रेन उज्जैनी एक्सप्रेस, लक्ष्मीबाई नगर –योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस, झांसी –बांद्रा एक्सप्रेस,ग्वालियर–बंगलुरु एक्सप्रेस,अमृतसर–इंदौर एक्सप्रेस के स्टॉपेज किया जाना बहुत आवश्यक है। बदरवास एक बड़ा व्यापारिक केंद्र होकर गुना इटावा रेल लाइन का महत्वपूर्ण स्टेशन है और बड़ा क्षेत्र इससे जुड़ा हुआ है।
अशोकनगर और गुना जिले का काफी क्षेत्र भी बदरवास से लगा हुआ है। बदरवास सहित गुना,अशोकनगर जिले के लगे हुए क्षेत्र के श्रद्धालु,नागरिक, व्यवसाई, विद्यार्थी, मरीज आदि बड़े शहरों और धार्मिक स्थलों हरिद्वार, ऋषिकेश, मथुरा बृंदावन, उज्जैन, दिल्ली, मुंबई, बंगलुरु, इंदौर आदि जगह आवागमन करते हैं। लेकिन यहाँ लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव न होने से यात्रियों को इन ट्रेनों में यात्रा हेतु शिवपुरी गुना जाना पड़ता है जिससे लोगों को भारी परेशानी होती है। इसलिए क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा हेतु लंबी दूरी की ट्रेनों के स्टॉपेज करने की बदरवास स्टेशन पर बहुत आवश्यकता है।
दूसरा प्लेटफार्म, लंबा टीनशेड और मेमू ट्रेन मांगी
अवस्थी ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को सौंपे ज्ञापन में ट्रेनों के स्टॉपेज के साथ साथ यात्रियों की सुविधा हेतु स्टेशन के प्लेटफार्म पर लंबा टीनशेड लगाने, दूसरा प्लेटफार्म बनाकर दोनों प्लेटफार्म को जोड़ने हेतु फुट ओवर ब्रिज बनाने की मांग भी की गई है जिससे दो ट्रेनों के एकसाथ आने पर यात्रियों को आनेजाने की सुविधा तथा धूप,वर्षा से बचाव हो सके। यात्रियों हेतु टिकिट रिजर्वेशन काउंटर शुरू करने तथा दिन में गुना ग्वालियर के बीच मेमू ट्रेन चलाने के मांग भी केंद्रीय मंत्री से की गई है जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में रेल जैसे सुविधाजनक साधन का लाभ और अधिक मिल सके।
Tags
Badarwas