कन्या हायर सेकंडरी स्कूल में आयोजित हुआ भविष्य से भेंट कार्यक्रम, छात्राओं को दिए सफलता के टिप्स
बदरवास - मध्य प्रदेश शासन के 'स्कूल चलें हम' अभियान के अंतर्गत शासकीय कन्या हायर सेकंडरी स्कूल बदरवास में 'भविष्य से भेंट' कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बदरवास तहसीलदार प्रदीप भार्गव ने छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने और शिक्षा के महत्व को समझने की प्रेरणा दी।
भविष्य से भेंट कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजन से हुआ
छात्राओं को संबोधित करते हुए तहसीलदार प्रदीप भार्गव ने कहा कि जीवन में कोई भी लक्ष्य बड़ा नहीं होता, यदि उसे पाने का संकल्प दृढ़ हो। उन्होंने बताया कि एकाग्रता और समय प्रबंधन के जरिए किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता हासिल की जा सकती है। भार्गव ने छात्राओं से आग्रह किया कि वे केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि देश-दुनिया की समसामयिक घटनाओं से भी खुद को अपडेट रखें।छात्राओं को उच्च शिक्षा के विभिन्न अवसरों और करियर विकल्पों के बारे में विस्तार से मार्गदर्शन किया। वरिष्ठ शिक्षक गोविन्द अवस्थी ने शासन के भविष्य से भेंट कार्यक्रम का उद्देश्य समझाते हुए कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और अगर उन्हें सही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिले तो सफलता के शिखर पर वो पहुंच सकते हैं।
अगर छात्राएं शिक्षित और जागरूक होंगी, तो पूरा देश उन्नति करेगा विद्यार्थियों का उचित मार्गदर्शन हेतु विभाग द्वारा इस कार्यक्रम को बच्चों से जोड़ा है।प्राचार्य चंद्रवीर सिंह सेंगर ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने भविष्य को बनाने हेतु कठोर परिश्रम तथा अच्छे गुण और ज्ञान को ग्रहण करना होगा मेहनत और सही दिशानिर्देश आपके सही हितैषी साबित होंगे।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक कपिल परिहार ने करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों को भविष्य की सही दिशा मिलती है इस अवसर पर चंद्रभान श्रीवास्तव, ममता श्रीवास्तव, बसंती मिंज, उदय सिंह, विनीता कुशवाह,ममता यादव, राजेश मिश्रा, शैलेंद्र भदौरिया, कनक कुशवाह, महेंद्र कुशवाह, हरवीर यादव, निर्मला शर्मा, दलवीर सिंह, हितेंद्र कुशवाह, नीलेश रघुवंशी, नावेद अली, दीपिका चतुर्वेदी, बलराम परिहार सहित बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।
छात्राओं की जिज्ञासाओं का किया समाधान
छात्राओं ने मुख्य अतिथि तहसीलदार प्रदीप भार्गव से कैरियर, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और प्रशासनिक सेवा से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका उन्होंने बड़ी आत्मीयता से उनकी जिज्ञासाओं और प्रश्नों का समाधान किया।
