स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की विस्तृत समीक्षा की
भोपाल - उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की विस्तृत समीक्षा की उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने निर्देश दिए कि प्रदेश के समस्त जिलों में स्वास्थ्य संस्थाओं में लंबित आउटसोर्स पदों पर भर्ती की कार्यवाही प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण की जाए।
उन्होंने आयुष्मान योजना अंतर्गत संबद्ध अस्पतालों में एनएबीएच मान्यता की अनिवार्यता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध हो सके।
बैठक में 6 माह के सोनोग्राफी कोर्स पूर्ण करने वाले उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को शीघ्र प्रमाण पत्र प्रदान किए जाने की प्रक्रिया को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए साथ ही मेडिकल कॉलेज ग्वालियर में सीटीवीएस एवं ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग की स्वीकृति के लिए आवश्यक कार्यवाही में तेजी लाने पर बल दिया गया।
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें तथा निर्धारित समय-सीमा में परिणाम दें।
उन्होंने यह भी कहा कि सुपरस्पेशलिटी सेवाओं में निरंतर भर्ती प्रक्रिया जारी रखी जाए, ताकि प्रदेश के नागरिकों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं अपने ही राज्य में उपलब्ध हो सकें बैठक में विभागीय कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने बुधनी, दमोह एवं छतरपुर मेडिकल कॉलेजों में शिक्षकों के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत नर्सिंग कॉलेजों में नर्सिंग शिक्षकों के 59 राजपत्रित पदों पर भर्ती हेतु मांग पत्र लोक सेवा आयोग को तत्काल प्रेषित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीसीएचबी में नवीन पदों के सृजन के लिए प्रस्ताव तैयार करने और जिला चिकित्सालय राजगढ़ में रैन बसेरे के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि कि इन सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और प्रगति की समीक्षा समय-समय पर की जाए।
प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा अशोक बर्नवाल, आयुक्त धनराजू एस सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
