राज्य एवं वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा में इन वस्तुओं को ले जाना होगा वर्जित - Shivpuri



शिवपुरी - राज्य एवं वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 शिवपुरी जिला मुख्यालय पर दो सत्रों में 26 अप्रैल रविवार को आयोजित की जाएगी म.प्र. लोक सेवा आयोग इन्दौर द्वारा दिए गए निर्देशानुसार परीक्षार्थियों द्वारा परीक्षा कक्ष में कुछ वस्तुओं को ले जाना अनुमत व वर्जित होगा। 


ये सामग्री परीक्षा कक्ष में वर्जित रहेंगी 

स्टेशनरी संबंधी सामग्री- पेंसिल, रबर (इरेजर), व्हाईटनर, स्केल, बैग्स, पठन सामग्री आई.टी. गैजेट्स व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे- मोबाइल फोन, पेनड्राइव, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, हैंडफ्री, डिजिटल घड़ी, स्मार्ट घड़ी, एनालॉग घड़ी, कोई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या अन्य कोई ऐसे उपकरण जो संचार उपकरण के रूप में उपयोग किए जाते हैं। एसेसरीज जैसे- बालों को बांधने वाले क्लचर/बक्कल, हाथ के बैंड हाथ में पहने जाने वाले मैटेलिक बैंड चमड़े के बैंड, कमर में पहने जाने वाले बैल्ट, कफलींक, धूप का चश्मा, पर्स/वॉलेट, टोपी। अन्य व्सतुएं जैसे- चाबी, लाइटर्स/माचिस बॉक्स, किसी प्रकार के अस्त्र शस्त्र, शर्पनर, ब्लेड तथा अन्य किसी कीमती सामान साथ ही जूते-मोजे पहनकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश निषिद्ध है तथा हिजाब, पगड़ी, पल्ला, हाथ में बंधे धागे/बंधन (कलावा) व ताबीज तथा अन्य धार्मिक मान्यता की वस्तुओं का सूक्ष्माता से परीक्षण किया जाएगा।


इन वस्तुओं को परीक्षा कक्ष में ले जाने की अनुमति रहेगी

ई-प्रवेश पत्र, वैध पहचान पत्र (आधार कार्ड, मतदाता परिचय-पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, आयकर का पेन कार्ड, पासपोर्ट, केंद्र एवं राज्य सरकार एवं सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम, स्थानीय निकाय एवं अन्य नियोक्ताओं द्वारा जारी फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, फोटो सहित बैंक पासबुक, शिक्षण संस्थाओं में अध्ययनरत परीक्षार्थियों के मामले में शिक्षण संस्था के प्रमुख द्वारा अधिकतम तीन वर्ष पूर्व तक जारी फोटो पहचान पत्र, राजपत्रित अधिकारी द्वारा प्रमाणित नवीनतम फोटो परिचय पत्र, गोले बनाने हेतु निर्धारित स्याही का पेन (काला बॉल पेन), स्वयं का फोटोग्राफ (यदि आवश्यक हो), पानी की पारदर्शी बॉटल, दिव्यांग परीक्षार्थियों हेतु उनके लिए आवश्यक सामग्री, अन्य कोई सामग्री जो ई-प्रवेश पत्र में निर्दिष्ट हो।


अनुचित साधन प्रकरण

किसी भी परीक्षार्थी के पास वर्जित वस्तुएँ पेन्सिल, रबर व व्हाईटनर, नकल सामग्री मोबाइल बंद या चालू या कोई भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पाए जाने पर अनुचित साधन प्रकरण दर्ज किया जाएगा इसके अतिरिक्त परीक्षा कक्ष में शोर/उद्दंडता, अन्य परीक्षार्थियों से बात-चीत करने पर भी अनुचित साधन प्रकरण दर्ज किया जाएगा।


परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश के लिये ये दस्तावेज साथ में लाना होगा

आयोग द्वारा जारी मूल प्रवेश पत्र से ही परीक्षार्थी को प्रवेश दिया जाएगा, परीक्षार्थियों को काली स्याही वाला बॉल पैन ही लाने की अनुमति होगी। जिन आवेदकों को ऑनलाइन प्रवेश पत्र में उनके फोटो तथा हस्ताक्षर स्पष्ट नहीं है, या अनुपलब्ध है, उन्हें अपने प्रवेश पत्र पर विहित स्थान पर अपना फोटो चिपकाकर उसके नीचे अपने हस्ताक्षर तथा फोटो प्रमाणित कराना होगा। अपनी फोटो की एक प्रति साथ में लाये, जिसके पीछे अपना नाम, आवेदन क्रमांक व अनुक्रमांक अंकित हो। अपने साथ अपने आवेदन पत्र की रसीद की प्रति लाना होगी। जिन परीक्षार्थियों के पास प्रवेश पत्र नहीं है तथा रोल लिस्ट में भी नाम नहीं है उन्हें प्रवेश नहीं दिया जाएगा। 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म