ग्रीष्मकाल को देखते हुए नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश- कलेक्टर - Shivpuri


शिवपुरी - कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी, नगर पालिका परिषद शिवपुरी की अध्यक्ष गायत्री शर्मा, अपर कलेक्टर दिनेश चन्द्र शुक्ला एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कलेक्टर द्वारा निकायवार पेयजल आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए कि आगामी ग्रीष्मकाल को दृष्टिगत रखते हुए सभी नगरीय निकायों में नियमित एवं निर्बाध जल प्रदाय सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

नगरपालिका शिवपुरी में वर्तमान में कुछ क्षेत्रों में एक दिन छोड़कर एवं कुछ क्षेत्रों में दो दिन छोड़कर जल आपूर्ति की जा रही है इस पर कलेक्टर चौधरी ने निर्देश दिए कि जहां दो दिन के अंतराल से जल प्रदाय हो रहा है, वहां एक दिन के अंतराल पर जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएं।

कलेक्टर चौधरी ने सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेयजल स्रोतों जैसे ट्यूबवेल, तालाब एवं बांधों के जल की गुणवत्ता की नियमित जांच लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की प्रयोगशाला के माध्यम से कराई जाए तथा किसी भी प्रकार की अशुद्धि पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए। 


बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि जर्जर एवं क्षतिग्रस्त जल पाइप लाइनों का शीघ्र सुधार कराया जाए, जिससे जल आपूर्ति एवं गुणवत्ता प्रभावित न हो साथ ही नलकूपों की क्षमता का आंकलन कर आगामी तीन माह की जल आपूर्ति की योजना तैयार की जाए। 


कलेक्टर ने सभी निकायों को विद्युत बिलों का नियमित भुगतान सुनिश्चित करने तथा भुगतान से पूर्व नलकूपों की स्थिति का परीक्षण करने के निर्देश दिए पेयजल परिवहन केवल अत्यंत आवश्यक परिस्थितियों में ही किया जाए तथा इसके लिए संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) से समन्वय किया जाए।

नगरपालिका शिवपुरी द्वारा फीडर एवं डिस्ट्रीब्यूशन लाइन कार्य में आ रही समस्याओं के संबंध में जानकारी दी गई, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित कार्यों का आकलन कर प्राथमिकता के आधार पर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए आगामी बैठक में संबंधित कंपनी के प्रतिनिधि को प्रगति विवरण के साथ उपस्थित होने हेतु कहा गया।

बैठक में सतनवाड़ा फिल्टर प्लांट, घसारई एवं चांदपाठा पंपिंग स्टेशन पर मोटरों की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई, जिस पर कलेक्टर ने आवश्यक स्पेयर मोटर उपलब्ध रखने के निर्देश दिए कठमई वार्ड क्रमांक 1 में निर्मित जल टंकी को शीघ्र फीडर एवं डिस्ट्रीब्यूशन लाइन से जोड़ने के निर्देश भी दिए गए, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द पेयजल सुविधा उपलब्ध हो सके। 

अंत में कलेक्टर द्वारा सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आम नागरिकों को नियमित, गुणवत्तापूर्ण एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना सर्वाेच्च प्राथमिकता सुनिश्चित की जाए।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म