आंगनवाड़ी केंद्रों की जांच में खुली व्यवस्थाओं की पोल, 35 के खिलाफ नोटिस जारी - Guna

गुना - बमोरी विकासखंड के आंगनवाड़ी केंद्रों में अनियमितताओं को लेकर प्रकाशित समाचार के बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर किशोर कन्याल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए, जिसके बाद विभागीय टीम द्वारा विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया गया।

कलेक्टर के निर्देशानुसार सीडीपीओ दीपा शर्मा ने विभागीय अमले के साथ बमोरी विकासखंड के झागर, पुराना डुमेला, रामपुर, बिंदाखेड़ी, सुजाखेड़ी, मोई, धाननखेड़ी, बनेह एवं सिलावटी सहित विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्रों की संचालन व्यवस्था, बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार वितरण तथा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का परीक्षण किया गया।

जांच में कुछ केंद्रों पर बच्चों को समय पर नाश्ता उपलब्ध नहीं कराए जाने एवं संचालन व्यवस्था में लापरवाही सामने आई। इस पर कार्रवाई करते हुए 15 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, 16 सहायिकाओं तथा 4 स्व-सहायता समूहों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान दो आंगनवाड़ी केंद्रों पर नीति आयोग परियोजना अंतर्गत दीवार पेंटिंग एवं चाइल्ड फ्रेंडली पेंटिंग का कार्य प्रगति पर पाया गया। अधिकारियों ने निर्माण कार्य एवं पेंटिंग की गुणवत्ता का परीक्षण कर कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए नियमित निरीक्षण और सतत मॉनिटरिंग जारी रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म