शिवपुरी - शिवपुरी शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर पालिका परिषद शिवपुरी लगातार मैदान में नजर आ रही है कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशन और नगर पालिका सीएमओ इशांक धाकड़ के नेतृत्व में सोमवार को शहर के कई प्रमुख क्षेत्रों में स्वच्छता एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया इस दौरान माधव चौक, अस्पताल चौराहा, कोर्ट रोड मंडी क्षेत्र, मीट मार्केट और वार्ड क्रमांक-6 सहित विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर दुकानदारों और रहवासियों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए।
अस्पताल चौराहा स्थित गोलंबर क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान नगर पालिका टीम ने स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया यहां कई दुकानदारों द्वारा डस्टबिन रखने और कचरे को नगर पालिका की गाड़ियों में डालने की व्यवस्था शुरू किए जाने पर संतोष जताया गया हालांकि कुछ स्थानों पर अतिक्रमण की स्थिति मिलने पर संबंधित लोगों को दोबारा चेतावनी दी गई और जल्द व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद कोर्ट रोड स्थित मंडी क्षेत्र का निरीक्षण किया गया, जहां पहले की तुलना में सुधार देखने को मिला, लेकिन कुछ हिस्सों में अब भी अतिक्रमण बना हुआ पाया गया। सीएमओ इशांक धाकड़ ने स्पष्ट कहा कि यदि तय समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो चालानी कार्रवाई के साथ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
वार्ड क्रमांक-6 के भ्रमण के दौरान नगर पालिका टीम ने पाया कि कई स्थानों पर नालियों के ऊपर किए गए अवैध निर्माण और अतिक्रमण के कारण जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जिससे गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है संबंधित मकान मालिकों, दुकानदारों और होटल संचालकों को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा गया कि वे स्वयं अतिक्रमण हटाकर व्यवस्था सुधार लें, अन्यथा प्रशासनिक कार्रवाई तय मानी जाए।
नगर पालिका प्रशासन ने बताया कि सुबह निरीक्षण के बाद शाम करीब 7 बजे दोबारा फॉलोअप अभियान चलाया गया इस दौरान जिन दुकानों के सामने गंदगी, अव्यवस्थित डस्टबिन और प्लास्टिक उपयोग की स्थिति मिली, उन्हें 24 घंटे के भीतर सुधार करने के निर्देश दिए गए साथ ही दुकानदारों से अपील की गई कि वे दुकानों के सामने स्वच्छता बनाए रखें और नगर पालिका के अभियान में सहयोग करें।
सीएमओ इशांक धाकड़ ने कहा कि “स्वच्छ और सुंदर शिवपुरी बनाने के लिए नगर पालिका लगातार कार्रवाई कर रही है आने वाले दिनों में अभियान और तेज किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी।”
Tags
Shivpuri