शिवपुरी - कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा प्रति मंगलवार को जनसुनवाई करते हैं जनसुनवाई में आवेदक अपनी समस्या लेकर पहुंचते हैं जहां कई आवेदकों की समस्याओं का तत्काल निराकरण भी कर दिया जाता है।
एक मामला इस मंगलवार की जनसुनवाई में सामने आया जब शिवपुरी निवासी सीआरपीएफ जवान राजकुमार शर्मा जनसुनवाई में आवेदन लेकर पहुंचे और बताया कि पटवारी द्वारा प्लॉट का नामांतरण नहीं किया जा रहा है सीआरपीएफ में तैनात जवान राजकुमार शर्मा तीन साल पहले नोहरीकलां में 3 हजार वर्गफीट का एक प्लॉट लिया था। उसका अभी तक तहसील से नामांतरण नहीं हुआ है नामांतरण न होने से काफी परेशान हूं।
जवान की पूरी शिकायत सुनने के बाद कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने तहसीलदार को इस मामलें को दिखवाकर तुरंत कार्रवाई करने के आदेश दिए।
तहसीलदार सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि आवेदक राजकुमार शर्मा पुत्र पूरनसिंह शर्मा निवासी ग्वालियर द्वारा ग्राम नोहरीकलां स्थित भूमि सर्वे नंबर 853/1 नामांतरण के लिए आवेदन पत्र लोक सेवा केन्द्र शिवपुरी के माध्यम से दिनांक 03/02/2026 को प्रस्तुत किया गया था जिसके क्रम में आर.सी.एम.एस. पोर्टल पर प्रकरण पंजीबद्ध किया जाकर हल्का पटवारी ग्राम नोहरीकलां से प्रतिवेदन लिया गया। उक्त सर्वे नंबर पर अनुविभागीय अधिकारी शिवपुरी के आदेश के आधार पर भूखंडों के रूप में क्रय विक्रय और नामांतरण किए जाने पर रोक लगाई गई है। जिस कारण आवेदक का प्लॉट अवैध कॉलोनी में होने से नामांतरण नहीं किया जा सकता है।

