उपार्जन केन्द्रों पर अनियमितता व अनुपस्थिति पर जारी किए नोटिस
शिवपुरी - कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने उपार्जन कार्य की सतत निगरानी के निर्देश दिए हैं और उपार्जन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही पर कार्यवाही के भी सख्त निर्देश दिए हैं अभी जिले में उपार्जन कार्य किया जा रहा है और नियुक्त अधिकारियों द्वारा खरीदी केन्द्रों का निरंतर भ्रमण किया जा रहा है निरीक्षण के दौरान कुछ केन्द्रों पर अनियमितताएं पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई की गई है।
जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान खरीदी केन्द्र शशिचन्द्र वेयरहाउस कांकर एवं पाण्डेय वेयरहाउस सिरसौद (करैरा) में समिति प्रबंधकों द्वारा किसानों से तुलाई के एवज में अवैध रूप से रुपये की मांग किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई यह मामला कलेक्टर अर्पित वर्मा के संज्ञान में आते ही उन्होंने कार्रवाई के निर्देश दिए इस पर कार्यवाही करते हुए संबंधित समिति प्रबंधक रविशंकर धाकड़ (सेवा सहकारी संस्था सतनवाड़ा) एवं देवेन्द्र यादव (सेवा सहकारी संस्था दिनारा) को अनुशासनात्मक कार्यवाही हेतु कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
इसी प्रकार, विभिन्न खरीदी केन्द्रों पर नियुक्त नोडल अधिकारियों की अनुपस्थिति भी पाई गई इसमें सेवा सहकारी संस्था पिपरसमा के नोडल अधिकारी श्री लखन सिंह गुर्जर (ए.ई.ओ., कृषि विभाग), सेवा सहकारी संस्था दिनारा के नोडल अधिकारी श्री रवि अहिरवार (ए.ई.ओ., कृषि विभाग), सेवा सहकारी संस्था टोडापिछोर के नोडल अधिकारी के.के. कलावत (ए.ई.ओ., कृषि विभाग) तथा सेवा सहकारी संस्था करही की नोडल अधिकारी सुश्री नेहा पटेल (ए.ई.ओ., कृषि विभाग) के अनुपस्थित रहने पर अपर नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
