शिवपुरी - शिवपुरी में किसानों के समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के भुगतान की राशि उनके असली खातों के बजाय बिना उनकी जानकारी के फिनो बैंक में खुले फर्जी खातों में ट्रांसफर होने का बड़ा मामला सामने आया किसानों ने कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा को अपनी समस्या बताई और इस प्रकरण में कार्यवाही की मांग की।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने किसानों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एडीएम श्री दिनेश शुक्ला को मामले की जांच के लिए निर्देशित किया इस मामले में प्रशासन ने तत्परता दिखाई और एक किसान की धनराशि उसके खाते में सुरक्षित बच पाई।
उल्लेखनीय है कि ऐसे आठ किसानों की शिकायत प्राप्त हुई जिनमें उनकी जानकारी के बिना फ़िनो पेमेंट बैंक में खाता खोला गया है जिसमें 7 खातों में से किसानों के जमा पैसे निकालकर फ्रॉड किया गया है लेकिन प्रशासन की तत्परता से तुरंत इन फर्जी खातों पर होल्ड लगवाया गया, जिससे आगे की राशि निकलने से बच गई जिसमें ग्राम सेवडा निवासी किसान मुरारी लाल धाकड के बैंक खाते से 2 लाख 83 हजार 221 रूपए में से 1 लाख 25 हजार 575 रूपए शेष बचे है।
इसी प्रकार विवेकानंद शिवपुरी निवासी किसान सुशीला राजपूत के बैंक खाते से 2 लाख 25 हजार 748 रूपए में से 55 हजार 848 रूपए, ग्राम चंदौरिया तहसील कोलारस निवासी पवन दांगी के बैंक खाते से 1 लाख 4 हजार 999 रूपए में से 48 हजार रूपए, ग्राम उमरीखुर्द तहसील पिछोर निवासी रानी तिवारी के बैंक खाते से 52 हजार 774 रूपए में से 23 हजार 900 रूपए, ग्राम राजापुर निवासी किसान अमरसिंह लोधी के बैंक खाते में से 1 लाख 48 हजार 311 रूपए में से 40 हजार रूपए, ग्राम पीरोंठ तहसील बदरवास निवासी मुलाम बाई यादव के बैंक खाते में से 1 लाख 27 हजार 311 रूपए में से 28 हजार रूपए तथा ग्राम बंहटा निवासी किसान विश्व वीर सिंह जाट के बैंक खाते में से 6 लाख 64 हजार 261 रूपए में से 18500 रूपए शेष बचे है और एक किसान नफे सिंह पुत्र भालेराम निवासी कोलारस की पूरी धनराशि 1 लाख 58 हजार 811 रूपए उसके खाते में सुरक्षित बच गई। इस मामले की जांच के लिए पुलिस द्वारा भी जांच की जा रही है।
इसके अलावा फिनो पेमेंट बैंक के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही के लिए प्रभारी अधिकारी शिवपुरी, रिजर्व बैंक भोपाल को भी पत्र लिखा गया है।
