शिवपुरी - कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी कार्यवाही एवं नियंत्रण के लिए संयुक्त टीम द्वारा सघन जांच अभियान संचालित किया जा रहा है। जांच के दौरान यह पाया गया है कि कुछ ट्रैक्टर एवं डम्पर बिना नंबर प्लेट, बिना वैध दस्तावेज एवं बिना अनुमति के रेत परिवहन कार्य में संलग्न होकर नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं।
आवश्यक दस्तावेज रखने के निर्देश
परिवहन विभाग द्वारा इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं समस्त ट्रैक्टर-डम्पर स्वामियों व चालकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे अपने वाहनों पर अनिवार्य रूप से मानकों के अनुसार स्पष्ट एवं वैध नम्बर प्लेट लगाएं साथ ही संचालन के दौरान वाहन के समस्त वैध दस्तावेज जैसे पंजीयन प्रमाणपत्र, फिटनेस, बीमा, परमिट, प्रदूषण प्रमाणपत्र एवं चालक का ड्राइविंग लाइसेंस और रेत परिवहन में संलग्न वाहनों के पास वैध रॉयल्टी, परिवहन अनुमति दस्तावेज साथ रखें।
नियम विरुद्ध संचालन पर होगी कार्यवाही
जिले के विभिन्न मार्गों, चैक पोस्टों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में परिवहन विभाग, पुलिस विभाग , खनिज सहित जिला प्रशासन के संयुक्त दल द्वारा कार्रवाई निरंतर जारी है। जांच के दौरान समस्त वैध दस्तावेजों तथा बिना टैक्स, ओवर लोडिंग अथवा नियम विरुद्ध रेत उत्खनन एवं परिवहन करने वाले ट्रैक्टर एवं डम्पर वाहनों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम और खनिज नियमों एवं अन्य प्रचलित प्रावधानों के तहत चालानी, जप्ती एवं दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी।
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने समस्त वाहन स्वामियों एवं चालकों से कहा है कि वे शासन के नियमों का पालन सुनिश्चित करें एवं अवैध रेत परिवहन जैसी गतिविधियों में संलिप्त न हों, ताकि चेकिंग के दौरान किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
Tags
Shivpuri