मध्य प्रदेश सरकार द्वारा मंडी शुल्क में की गई बढ़ोतरी के खिलाफ प्रदेश भर के अनाज व्यापारियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है इसी सिलसिले में प्रदेश में कांग्रेसियों द्वारा प्रदेशव्यापी मंडी बंद का अभियान चलाया जा रहा है गुना में ग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन ने भी आगामी 23 जून को एक दिवसीय पूर्ण व्यापार बंद रखने का ऐलान किया है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज गोयल और सचिव सूरज जैन ने इस संबंध में कृषि उपज मंडी समिति गुना के भारसाधक अधिकारी व सचिव को एक औपचारिक पत्र सौंपकर अपने फैसले से अवगत कराया है व्यापारियों ने साफ कर दिया है कि शुल्क वृद्धि के विरोध स्वरूप 23 जून को सभी व्यापारी अपनी दुकानें बंद रखेंगे और मंडी में होने वाली किसी भी प्रकार की नीलामी प्रक्रिया में भाग नहीं लेंगे।
इस आंदोलन की पृष्ठभूमि को लेकर व्यापारियों ने बताया कि सकल अनाज दलहन तिलहन व्यापारी महासंघ समिति इंदौर के प्रतिनिधिमंडल ने बीती 11 जून को प्रदेश के मुख्यमंत्री से मुलाकात कर मंडी शुल्क में प्रस्तावित बढ़ोतरी के संबंध में एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा था।
व्यापारियों को उम्मीद थी कि सरकार उनकी व्यावहारिक समस्याओं को समझते हुए इस पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी, लेकिन इसके ठीक उलट 16 जून 2026 को शासकीय गजट में अधिसूचना प्रकाशित कर मंडी शुल्क को 1 प्रतिशत से बढ़ाकर सीधे 1.50 प्रतिशत कर दिया गया सरकार के इस अचानक और एकतरफा फैसले का पूरे मध्य प्रदेश की कृषि मंडियों में तीखा विरोध शुरू हो गया है, क्योंकि इससे व्यापार पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा जिसका सीधा असर किसान और उपभोक्ता पर भी दिखेगा।
व्यापारिक संगठनों का कहना है कि सरकार के सामने बार-बार गुहार लगाने के बाद भी जब इस गंभीर समस्या का कोई तर्कसंगत समाधान नहीं निकला, तो महासंघ को मजबूरन आंदोलन का रास्ता चुनना पड़ा महासंघ के निर्णय के अनुसार, पहले चरण में 23 जून को पूरे प्रदेश की मंडियों को बंद रखकर सरकार की इस नीति के खिलाफ कड़ा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा गुना के ग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने स्थानीय स्तर पर बंद को पूरी तरह सफल बनाने की रणनीति तैयार कर ली है व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि इस एक दिवसीय सांकेतिक बंद के बाद भी सरकार ने बढ़े हुए टैक्स को वापस नहीं लिया, तो आगामी रणनीति बनाकर अनिश्चितकालीन आंदोलन की घोषणा की जा सकती है।
Tags
MP News