पुलिस की बड़ी कार्यवाही, 25 लाख की चोरी का 36 घंटे में खुलासा, अंतर्राज्यीय गिरोह के तीन आरोपी गिरफ्तार - Shivpuri


चोरी गई तिजोरी, सोने-चांदी के आभूषण, बाइक और 85 हजार नगद समेत 25 लाख रुपये का मशरूका बरामद

शिवपुरी - शिवपुरी जिले के पोहरी थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25 लाख रुपये की चोरी की वारदात का महज 36 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह के दो सदस्यों सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया पूरा माल बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार 25 जून को फरियादी अनुज शर्मा निवासी कृष्णगंज पोहरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनके भाई नीतू शर्मा के मकान का ताला व कुंदी तोड़कर कमरे में रखी अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात, करीब 3 क्विंटल वजनी लोहे की तिजोरी और पल्सर मोटरसाइकिल चोरी कर ली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पोहरी निरीक्षक रवि चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस को सफलता मिली। चोरी गई पल्सर बाइक और क्षतिग्रस्त हालत में लोहे की तिजोरी चकराना रोड स्थित सीएचसी अस्पताल के आगे पुलिया के नीचे से बरामद की गई।

इसके बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आईटीआई कॉलेज पोहरी के पीछे नाले से तीन संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी का माल रामेश्वर गोस्वामी के खेत के पास नाले में छिपाना बताया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सोने-चांदी के आभूषण, 85 हजार रुपये नगद सहित चोरी का पूरा मशरूका बरामद कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में रामनिवास मोगिया निवासी गोपालपुर शिवपुरी, श्रीवल्लभ पारदी निवासी कनैरा थाना धरनावदा और रामेश्वर गोस्वामी निवासी ग्वालीपुरा पोहरी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी श्रीवल्लभ पारदी के कब्जे से अवैध लोहे की अधिया (देशी बंदूक) भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार आरोपी श्रीवल्लभ पारदी अंतर्राज्यीय गिरोह का सदस्य है, जिसके खिलाफ मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों में चोरी, हत्या, लूट, डकैती और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं। राजस्थान पुलिस द्वारा उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

पुलिस ने चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, पल्सर मोटरसाइकिल, लोहे की तिजोरी और अवैध हथियार सहित कुल 25 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म