श्रमिक परिवार की बेटी राशि गुप्ता को 25 हजार रुपए की सहायता राशि स्वीकृत
शिवपुरी - शिवपुरी कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने आज श्रमिक परिवार की एक मेधावी छात्रा को प्रोत्साहित करते हुए 25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि का स्वीकृति पत्र प्रदान किया छात्रा ने भी कलेक्टर वर्मा का आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश शासन के श्रम विभाग अंतर्गत संचालित मध्यप्रदेश भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की सुपर 5000 योजना के माध्यम से श्रमिक परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है इसी क्रम में जिले की मेधावी छात्रा सुश्री राशि गुप्ता को योजना के अंतर्गत 25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की गई है।
सुश्री राशि गुप्ता ने कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 91.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट सफलता हासिल की है उनकी माता श्रीमती रामा गुप्ता मंडल में पंजीकृत निर्माण श्रमिक हैं निर्धारित पात्रता के आधार पर छात्रा को सुपर 5000 योजना का लाभ स्वीकृत किया गया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन को मिला सम्मान
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने छात्रा राशि गुप्ता को स्वीकृति पत्र प्रदान कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं उन्होंने कहा कि शासन की ऐसी योजनाएं श्रमिक परिवारों के बच्चों को आगे बढ़ने और उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित करती हैं।
श्रमिक परिवारों के बच्चों को मिल रहा प्रोत्साहन
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की सुपर 5000 (कक्षा 12वीं) योजना का उद्देश्य निर्माण श्रमिकों के मेधावी बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना तथा उन्हें बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना है इस योजना के माध्यम से श्रमिक परिवारों के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे वे अपने भविष्य को नई दिशा प्रदान कर सकें।
श्रम विभाग द्वारा जिले के समस्त पंजीकृत निर्माण श्रमिकों से अपील की गई है कि वे मंडल द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रतानुसार उनका लाभ उठाएं तथा अपने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करें।
Tags
Shivpuri