जनसेवा की अनूठी मिसाल :- प्यासे यात्रियों की पीड़ा को समझ बुझा रहे उनकी प्यास
रेलवे सुविधा संघर्ष समिति यात्रियों को पिला रही आरओ कैम्पर का ठंडा पानी, जलसेवा से तृप्त होकर दुआएं देते हुए जाते हैं रेलयात्री
बदरवास - नौतपा की भरी दोपहरी में तमतमाते सूर्यदेव, भीषण गर्मी के बीच सनसनाते चल रहे गर्म लू के थपेड़े, गर्मी का समय भी ऐसा कि बिना जरूरी काम के आदमी घर से बाहर न निकले, ऐसे विषम मौसम में ठंडा पानी पी लो, ठंडे पानी की बोतल भरलो की आती आवाजें तथा ट्रेन रुकते ही हाथों में ठंडे पानी के केम्पर लिए और प्रेम एवं आग्रह से प्यासे यात्रियों को पानी पिलाने दौड़ते समाजसेवक ये दृश्य है शिवपुरी जिले के बदरवास रेलवे स्टेशन का जहां पर भरी दोपहरी में प्यास से तिलमिलाते,पानी की तलाश में बेचैन यात्रियों को सामाजिक संस्था रेलवे सुविधा संघर्ष समिति द्वारा जनसहयोग जारी जलसेवा में भागीरथ बन रहे जलसेवक शीतल पेयजल के केंपर का शीतल ठंडा पानी पिला कर उनकी प्यास बुझाने का पुण्य पुनीत काम कर रहे हैं और आगे के सफर के लिए भी ठंडे पानी की बोतलें भर रहे हैं भीषण और तेज गर्मी के बाद भी जलसेवा कर रहे इन लोगों का जोश और जज्बा वाकई प्रशंसनीय है और इस सद्कार्य की चहुंओर भूरि भूरी प्रशंसा हो रही है।
बदरवास रेलवे स्टेशन पर चिलचिलाती भीषण गर्मी के बीच जब पारा 44 डिग्री को छू रहा है ,भरी दोपहरी में प्यासे यात्रियों की प्यास बुझाने की रेलवे सुविधा संघर्ष समिति द्वारा की जा रही जल सेवा से जहां एक ओर प्यासे कंठ तर हो रहे हैं वहीं दूसरी ओर निस्वार्थ भाव से निःशुल्क ठंडा पेयजल पिलाने वाले जलसेवकों की मेहनत,समर्पण,सेवाभाव और परोपकार आमजन सहित संपूर्ण क्षेत्र और इंदौर,भोपाल,ग्वालियर रेल रूट पर चर्चा का विषय ये जलसेवा बन गई है क्योंकि अधिकांश जगह स्टेशनों पर यात्री पेयजल के लिए बहुत परेशान हैं वहीं दूसरी ओर बदरवास स्टेशन पर जलसेवक आग्रह और ईश्वरीय कार्य मानकर यात्रियों को शीतल आरओ कैंपर का पेयजल निःशुल्क पिला रहे हैं गर्मी में समिति के द्वारा रेलयात्रियों को दी जा रही निःशुल्क ठंडे जलसेवा से दूर-दराज से आने वाले रेलयात्री अभिभूत हैं आसमान से बरस रही गर्मी की आग के बाबजूद की जा रही जलसेवा मानवता का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत कर रही है ट्रेन द्वारा यात्रा के दौरान यहां की इस सेवा से संतुष्ट रेलयात्री इस पुनीत कार्य की तारीफ कर रहे हैं।
यात्रियों को पिला रहे आरओ कैम्पर का शीतल पानी, वाटर कूलर भी लगाए
बदरवास रेलवे स्टेशन पर विभिन्न
ट्रेनों के स्टॉपेज कराने सहित यात्री सुविधाओं में बढ़ोत्तरी हेतु प्रयासरत सामाजिक संस्था रेलवे सुविधा संघर्ष समिति बदरवास स्टेशन पर जलसेवा में जुटी हुई है यात्रियों को चौबीस घंटे ठंडे पेयजल की उपलब्धता हेतु स्थाई प्याऊ और वाटर कूलर भी समिति ने जनसहयोग से प्लेटफार्म पर लगवाए हैं ट्रेनों के बदरवास स्टेशन पर आते ही समिति सदस्यों द्वारा प्लेटफार्म पर और डिब्बों तक पहुंचकर सेवा भावना से कैम्पर का शीतल और ठंडा पेयजल प्यासे यात्रियों को पिलाकर उनकी खाली बोतलें भरकर जलसेवा का काम कर रहे हैं।
नगर के लोग भी इनकी इस सेवा में सहभागी बनकर जलसेवा में हाथ बंटा रहे हैं इनका उद्देश्य यही है कि बदरवास से गुजरने वाली ट्रेनों में कोई भी यात्री प्यासा न रहे। इससे रेल सफर की थकान और गर्मी के मौसम से बेहाल यात्रियों को काफी राहत मिल रही है।
जलसेवा का है जुनून, भरी दोपहरी में प्लेटफार्म पर देते हैं सेवाएं
बदरवास स्टेशन पर रेलवे सुविधा संघर्ष समिति द्वारा जनसहयोग से की जा रही ठंडे जल की सेवा हेतु समिति सहित नगर के लोगों में इतना जुनून है कि वे भरी दोपहरी में अपने कामों को छोड़कर ट्रेन आने के पहले ही सीधे स्टेशन पहुंच जाते हैं इसके बाद जैसे ही ट्रेन स्टेशन पर रूकती है वैसे ही ये दौड़-दौड़कर यात्रियों को आग्रह और प्रेम से पानी पिलाना और उनकी खाली बोतलों को भरने का काम करने में जुट जाते हैं इनकी
कोशिश रहती है कि अधिक से अधिक यात्रियों को ठंडा जल पिलाने और उनकी बोतलों को भरने का काम हो सके जलसेवा जैसा पुण्यकार्य कर रहे जलसेवकों को इस नेक कार्य से प्रसन्नता और संतुष्टि मिल रही है।
रेलयात्री करते हैं बदरवास स्टेशन का इंतजार
बदरवास स्टेशन पर चल रही शीतल और ठंडे पानी की सेवा की चर्चा चारों ओर है।ट्रेन में यात्रा करने वाले यात्री ठंडे कैम्पर के पानी से अपनी प्यास बुझाने हेतु लंबी दूरी तय कर बदरवास स्टेशन का इंतजार करते हैं जहां रेलवे सुविधा संघर्ष समिति के जलसेवक सेवाभाव से प्यासे यात्रियों के कंठ तर करने हेतु शीतल ठंडा जल पिलाते हैं साथ ही डिब्बों में ही उनकी बोतलें भी भर देते हैं। रास्ते में आरओ कैम्पर का पानी किसी भी स्टेशन पर न मिलने से रेल यात्री अपनी प्यास बुझा रहे हैं और बदरवास स्टेशन पर हो रहे जलसेवा के निस्वार्थ भाव की खुले प्रशंसा करते जाते हैं।
ठंडा जल पीते ही यात्री हो रहे गदगद,दे रहे दुआएं
बदरवास स्टेशन पर चल रही इस जलसेवा से आम यात्री बहुत खुश है क्योंकि रास्ते में पानी खरीदकर पीना हर किसी की क्षमता नहीं होती और स्टेशनों पर भी ट्रेन कम रुकने से पानी पीना और खाली बोतल भरना नहीं हो पाता है। ऐसे यात्रियों के लिए बदरवास स्टेशन पर समिति द्वारा आरओ केंपर का निःशुल्क ठंडा जल डिब्बे में ही उपलब्ध कराए जाने से उनकी प्यास बुझ रही है और यात्री तृप्त होकर बहुत सुविधा महसूस कर रहे हैं। भीषण गर्मी में ऐसे सेवा भाव को देखते हुए यात्री प्रफुल्लित और गदगद होकर जलसेवा की तारीफ कर दुआएं दे रहे हैं।
Tags
Badarwas