शासकीय भूमि पर बिना अनुमति स्थापित अवैध प्रतिमा को हटाकर अभिरक्षा में लिया
कोलारस - शिवपुरी कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार तहसील कोलारस के ग्राम अनंतपुर में शासकीय भूमि पर बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित किए जाने के मामले में प्रशासन एवं पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से स्थापित प्रतिमा को हटाकर शासकीय अभिरक्षा में ले लिया गया है साथ ही मामले में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
आम निस्तार की शासकीय भूमि पर किया गया था अतिक्रमण का प्रयास
ग्राम अनंतपुर में कुछ व्यक्तियों द्वारा गतदिवस देर रात बिना सक्षम अनुमति के ग्राम की आम निस्तार हेतु आरक्षित शासकीय भूमि पर प्रतिमा स्थापित कर दी गई थी उक्त भूमि सार्वजनिक उपयोग की महत्वपूर्ण शासकीय भूमि है।
इनका कहना
कोलारस एसडीएम अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि पूर्व में भी इसी भूमि पर प्रतिमा रखकर अतिक्रमण का प्रयास किया गया था, जिसे तत्काल हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया था तथा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई थी - एसडीएम श्रीवास्तव
कानून व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द प्रभावित करने का प्रयास
एसडीएम कोलारस ने बताया कि इस प्रकार की घटना से क्षेत्र में कानून व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की स्थिति निर्मित हो गई सर्वाेच्च न्यायालय के युनियन ऑफ इंडिया वर्सेस स्टेट ऑफ गुजरात एण्ड अदर स्टेट में पारित आदेश में उल्लेख है कि 18 जनवरी 2013 के बाद शासकीय भूमि या महत्वपूर्ण कीमती भूमि पर रखी गई प्रतिमा को अवैध माना जाएगा, जब तक कि विधि अनुरूप अनुज्ञा न ली गई हो।
दोषियों के विरुद्ध की जा रही वैधानिक कार्यवाही
मामले की जानकारी मिलते ही तत्काल कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने कार्यवाही के निर्देश दिए निर्देशानुसार प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और प्रतिमा को हटाकर सुरक्षित अभिरक्षा में ले लिया है।
इस प्रकरण में संलिप्त एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई है अन्य संबंधित व्यक्तियों की पहचान एवं जांच की जा रही है जिनके विरूद्ध सर्वाेच्च न्यायालय के आदेश के उल्लंघन एवं अन्य सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कराया जा रहा है।
शासकीय भूमि पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में नहीं होगा स्वीकार
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, अतिक्रमण अथवा बिना अनुमति निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा। कानून व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शासकीय भूमि पर अवैध रूप से विना अनुमति प्रतिमा स्थापित करने के मामले को लेकर हुआ था विवाद
कोलारस तहसील के ग्राम अनंतपुर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने और उसे हटाए जाने को लेकर बीते कई दिनों से चल रहा विवाद अब गरमा गया है बीती रात (18 जून) को ग्रामीणों द्वारा एक बार फिर विवादित स्थल पर बाबा साहब की प्रतिमा स्थापित किए जाने के बाद आज (19 जून) प्रशासनिक अमले ने मौके पर पहुंचकर मूर्ति को अपने कब्ज़े में ले लिया।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस-प्रशासन और ग्रामीणों के बीच भारी नोकझोंक और तीखी बहस देखने को मिली हालांकि, प्रशासन की समझाइश के बाद फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार विवाद की शुरुआत बीते माह 19 मई 2026 को हुई थी जब अनंतपुर गांव में स्थापित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों द्वारा कथित तौर पर क्षतिग्रस्त कर उखाड़ फेंका गया था इसके विरोध में और महिलाओं से अभद्रता के आरोपी प्रशासनिक अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर भीम आर्मी आज़ाद समाज पार्टी के तत्वावधान में बीते बुधवार (17 जून 2026) को डॉ. अंबेडकर पार्क से एसडीएम कार्यालय तक एक रैली व आंदोलन का आयोजन किया गया था।
इस आंदोलन के बाद भीम आर्मी द्वारा कोलारस तहसील परिसर में एसडीएम के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा गया था।
रात के अंधेरे में फिर रखी गई मूर्ति, अलर्ट हुआ प्रशासन
आंदोलन के ठीक अगले ही दिन, यानी 18 जून की रात को ग्रामीणों द्वारा उसी स्थान पर एक बार फिर से बाबा साहब की प्रतिमा स्थापित कर दी गई शुक्रवार (19 जून) की सुबह जैसे ही गांव वालों के माध्यम से प्रशासन को इसकी सूचना मिली, प्रशासनिक अमला पुलिस बल के साथ तुरंत हरकत में आया और मौके पर पहुंच गया।
प्रशासन और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस
जब प्रशासनिक टीम ने नियमों का हवाला देकर प्रतिमा को अपने कब्ज़े में लेने की कोशिश की, तो वहां मौजूद ग्रामीणों और महिलाओं ने इसका कड़ा विरोध किया मौके पर प्रशासन और ग्रामीणों के बीच जमकर धक्का-मुक्की और नोकझोंक हुई।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन दुर्भावनापूर्ण तरीके से कार्रवाई कर रहा है हालांकि भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासन ने प्रतिमा को सुरक्षित रूप से अपने कब्ज़े में लेकर सुपुर्दगी में ले लिया है जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिना अनुमति रखी गई प्रतिमा को सुरक्षित रूप से प्रशासनिक सुपुर्दगी में लिया गया है किसी भी नागरिक को कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और दोनों पक्षों से शांति की अपील की गई है" स्थानीय प्रशासन / पुलिस अधिकारी, कोलारस