प्रभारी मंत्री ने ग्राम पंचायत खोड में उचित मूल्य दुकान का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
शिवपुरी - शिवपुरी जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने ग्राम पंचायत खोड स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान का औचक निरीक्षण किया इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा भी उनके साथ उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री तोमर ने खाद्यान्न वितरण केंद्र के स्टॉक रजिस्टर का सूक्ष्म अवलोकन किया तथा पीओएस मशीन के माध्यम से की जा रही राशन वितरण प्रक्रिया की सघन जांच की प्रभारी मंत्री ने केंद्र पर उपलब्ध खाद्यान्न की गुणवत्ता को भी स्वयं परखा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि हितग्राहियों को उच्च गुणवत्तायुक्त राशन प्राप्त हो।
अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र हितग्राही को समय पर और सही मात्रा में राशन मिलना चाहिए उन्होंने स्पष्ट किया कि वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना अनिवार्य है और इसमें किसी भी स्तर पर बरती गई लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा उन्होंने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राशन केंद्र पर व्यवस्थाओं को हर हाल में चुस्त-दुरुस्त रखा जाए उन्होंने कहा कि खाद्यान्न वितरण केंद्र का नियमित निरीक्षण किया जाना चाहिए ताकि राशन वितरण प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो।
कलेक्टर वर्मा ने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि प्रत्येक हितग्राही को बिना किसी बाधा के खाद्यान्न समय पर मिले और यदि संचालन में कोई त्रुटि पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों व दुकान संचालकों पर तत्काल कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।