शिवपुरी - मध्यप्रदेश शासन द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक संचालित विशेष अभियान के अंतर्गत जिले में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पात्र हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है इसी क्रम में विकासखंड शिवपुरी एवं नगर पालिका शिवपुरी द्वारा संयुक्त रूप से मानस भवन में तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर का शुभारंभ किया गया है।
शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बने शिविर
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त किए गए तथा आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं नागरिकों को शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उनकी समस्याओं एवं आवेदनों के निराकरण की भी कार्रवाई की गई।
जनकल्याण शिविर को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गायत्री शर्मा ने कहा कि राज्य शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
आधार अपडेशन के लिए लगा स्टोल
शिविर में आधार कार्ड अद्यतन (अपडेशन) एवं नवीन आधार कार्ड बनाने की विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिसका लाभ बड़ी संख्या में नागरिकों द्वारा प्राप्त किया जा रहा है आमजन से अपील की गई है जिनके आधार कार्ड में कोई त्रुटि है वे तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर में पहुंचकर अपने आधार कार्ड में आवश्यक संशोधन कराएं तथा पात्र व्यक्ति नवीन आधार कार्ड बनवाने की सुविधा का लाभ लें इससे विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।
पोषण जागरूकता गतिविधियों ने आकर्षित किया ध्यान
शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध मोटे अनाज एवं अन्य खाद्य सामग्रियों से तैयार पौष्टिक एवं स्वास्थ्यवर्धक व्यंजनों की प्रदर्शनी भी लगाई गई प्रदर्शनी के माध्यम से संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
विभिन्न योजनाओं के तहत वितरित किए गए हितलाभ
शिविर में ग्राम मझेरा निवासी तुलसा आदिवासी, ग्राम धुवानी निवासी अमरवती एवं ग्राम कोटा निवासी रूपा आदिवासी को पोषण आहार का लाभ प्रदान किया गया ग्राम पंचायत करमाजकलां निवासी संतरा आदिवासी को इंदिरा गांधी वृद्धावस्था पेंशन योजना से लाभान्वित किया गया मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के अंतर्गत ग्राम खुटैला निवासी सोभा आदिवासी एवं शांति आदिवासी को अनुग्रह सहायता राशि के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए वहीं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत जूली प्रजापति, प्रीति प्रजापति, नारायणी प्रजापति, सुल्ताना बानो एवं मुबारिक खान को स्वरोजगार के लिए 15-15 हजार रुपये की राशि स्वीकृत कर वितरित की गई।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही सहभागिता
शिविर में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गायत्री शर्मा, जनपद अध्यक्ष श्रीमती हेमलता रावत, जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री सोनम जैन, वीरेंद्र रावत, मुकेश चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।
Tags
Shivpuri