सर्वेश राजपूत कोलारस - शिवपुरी जिले के कोलारस कस्बे से दिनदहाड़े चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है जहां एक किसान की जेब से अज्ञात चोरों ने हजारों रुपये उड़ा लिए घटना एबी रोड स्थित शाकाम्बरी ट्रेडर्स (होटल फूलराज के सामने) की है।
कीटनाशक खरीदने पहुंचे थे किसान
जानकारी के मुताबिक, ग्राम साखनौर निवासी विनोद लोधी अपनी फसल के लिए कीटनाशक दवा खरीदने इस दुकान पर आए थे दुकान पर काफी भीड़भाड़ थी इसी का फायदा उठाते हुए उनके ठीक पीछे खड़े एक अज्ञात युवक ने बड़ी सफाई से उनकी जेब में रखे 8 से 9 हजार रुपये निकाल लिए और वहां से रफूचक्कर हो गया।
भुगतान के वक्त हुआ चोरी का अहसास
दवा लेने के बाद जब विनोद लोधी ने पैसे चुकाने के लिए अपनी जेब में हाथ डाला, तो उनके होश उड़ गए जेब से नकदी गायब थी माजरा समझ आने पर तुरंत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले गए फुटेज में साफ दिखा कि एक संदिग्ध युवक किसान की जेब से रुपये निकाल रहा है।
नाबालिग जैसा है संदिग्ध का हुलिया
सीसीटीवी में कैद हुए संदिग्ध युवक की कद-काठी किसी नाबालिग जैसी प्रतीत हो रही है वीडियो के आधार पर अब पुलिस उसकी शिनाख्त और धरपकड़ के प्रयास तेज कर चुकी है।
थाने में मामला दर्ज
पीड़ित किसान ने इस घटना की आधिकारिक शिकायत कोलारस थाने में दर्ज करा दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज को मुख्य साक्ष्य बनाया गया है। पुलिस ने बाजार के अन्य व्यापारियों और स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि यदि वे इस संदिग्ध को पहचानते हैं, तो जांच में सहयोग करें।
