विभाग द्वारा 2160 पशुपालकों को दी आधुनिक पशुपालन, टीकाकरण और सरकारी योजनाओं की जानकारी - Shivpuri

शिवपुरी - मध्यप्रदेश शासन के पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा संचालित दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान के तीसरे चरण में विकासखंड पोहरी में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने 2,160 पशुपालकों के घर-घर जाकर उनसे सीधे संपर्क किया। अभियान का उद्देश्य पशुपालकों को शासकीय योजनाओं, आधुनिक पशुपालन तकनीकों और पशु स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी उनके दरवाजे तक पहुंचाना रहा।

इस दौरान पशुपालकों को वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन करने, पशुओं को संतुलित आहार देने, कृत्रिम गर्भाधान, नियमित टीकाकरण, कृमिनाशन, पशु बीमा और दूध उत्पादन बढ़ाने के तरीके बताए गए। साथ ही शासन की विभिन्न हितग्राही योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई।

अभियान के दौरान पशुपालकों ने अपनी समस्याएं और परेशानियां अधिकारियों के सामने रखीं जिनका मौके पर ही यथासंभव समाधान किया गया और जरूरी तकनीकी सलाह दी गई। पशुपालकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण क्षेत्रों में दूध उत्पादन और पशुपालन को मजबूत बनाने की दिशा में एक अच्छा कदम बताया।

अभियान का संचालन विकासखंड पशु चिकित्सा अधिकारी पोहरी डॉ.अतुल सिंह राजपूत और पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ पशु चिकित्सालय पोहरी डॉ. वीनेश राजपूत के मार्गदर्शन में किया गया। अभियान को सफल बनाने में सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों, मैत्रियों और गोसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म