कोलारस में बड़ी कार्रवाई बिना नंबर की स्विफ्ट कार से 22 पेटी अवैध शराब जब्त, पुलिस को देख तस्कर फरार - Kolaras



सर्वेश राजपूत कोलारस - शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है पुलिस ने नाकाबंदी कर एक बिना नंबर की सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। हालांकि, पुलिस टीम को देखते ही आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहा पुलिस ने वाहन सहित करीब 3.86 लाख रुपये का माल जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है।


मुखबिर की सूचना पर सेसई तिराहे के पास की गई घेराबंदी


कोलारस थाना प्रभारी उपनिरीक्षक पुनीत बाजपेयी ने बताया कि शुक्रवार को मुखबिर के जरिए क्षेत्र में अवैध शराब के परिवहन की सटीक सूचना मिली थी। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने तत्काल ग्राम सेसई तिराहा कट के पास घेराबंदी की। इसी दौरान एक संदिग्ध सफेद रंग की बिना नंबर वाली स्विफ्ट डिजायर कार आती हुई दिखाई दी पुलिस को सामने देख चालक ने कार रोक दी और अंधेरे का लाभ उठाते हुए गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर रफूचक्कर हो गया।


कार से बरामद हुई देशी प्लेन शराब और अंग्रेजी बीयर


जब पुलिस टीम ने लावारिस हालत में छूटी कार की सघन तलाशी ली, तो उसमें से कुल 22 पेटी अवैध शराब बरामद हुई इसमें 19 पेटी देशी प्लेन शराब और 3 पेटी अंग्रेजी बीयर शामिल थी पुलिस के अनुसार, जब्त की गई शराब की कुल कीमत 86 हजार 10 रुपये आंकी गई है जबकि तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये है पुलिस ने कुल 3 लाख 86 हजार 10 रुपये का मशरूका जब्त किया है।


आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपी की तलाश जारी

इस पूरी कार्रवाई के बाद कोलारस थाना पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ अपराध क्रमांक 245/26 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के अंतर्गत मामला पंजीकृत कर लिया है पुलिस द्वारा फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है इसके साथ ही पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और शराब के स्रोत का पता लगाने के लिए मामले की गहनता से जांच कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म