बदरवास स्टेशन पर जुलाई में एक भी दिन समय पर नहीं पहुंची भोपाल–ग्वालियर इंटरसिटी, 27 मिनट से साढ़े चार घंटे तक आई लेट, यात्रियों को हो रही परेशानी
बदरवास - भोपाल–ग्वालियर इंटरसिटी एक्सप्रेस की लगातार लेटलतीफी अब यात्रियों के लिए बहुत बड़ी परेशानी बनने लगी है बदरवास रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का निर्धारित आगमन समय सायं 8:36 बजे है, लेकिन 1 जुलाई से 25 जुलाई तक यह ट्रेन एक भी दिन निर्धारित समय पर नहीं पहुंची कभी 27 मिनट तो कभी साढ़े चार घंटे तक की देरी से पहुंचने वाली इस ट्रेन से यात्री परेशान होकर अपने महत्वपूर्ण समय को स्टेशन पर इंतजार करने में बिता रहे हैं सामाजिक संस्था रेलवे सुविधा संघर्ष समिति ने पश्चिम मध्य रेलवे के जीएम और डीआरएम को पत्र भेजकर ट्रेन की टाइमिंग सही कराने की मांग की है।
सामाजिक संस्था रेलवे सुविधा संघर्ष समिति के गोविन्द अवस्थी ने बताया कि प्रदेश की राजधानी भोपाल आने जाने के लिए इस रेलखंड पर ग्वालियर से शिवपुरी बदरवास होकर जाने वाली यह एकमात्र दैनिक ट्रेन है बदरवास, शिवपुरी, गुना और आसपास के क्षेत्रों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग नौकरी, व्यापार, इलाज, शिक्षा और शासकीय कार्यों के लिए भोपाल आवागमन करते हैं लेकिन भोपाल से ग्वालियर वापिसी में इस ट्रेन की लगातार लेटलतीफी के कारण अब कई यात्री बसों और निजी वाहनों से सफर करने को मजबूर हैं।
सबसे अधिक परेशानी नौकरीपेशा कर्मचारियों, विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षार्थियों, मरीजों और व्यापारियों को हो रही है। ट्रेन के अनिश्चित समय के कारण यात्रियों को घंटों स्टेशन पर इंतजार करना पड़ता है। कई बार देर रात ट्रेन पहुंचने से सुरक्षा संबंधी परेशानियां भी सामने आती हैं और आगे की बसें व अन्य ट्रेनें भी छूट जाती हैं।ट्रेन के समय पर न आने से यात्री बहुत परेशान हो रहे हैं।
गोविन्द अवस्थी ने कहा कि भोपाल इंटरसिटी एक्सप्रेस इस रेलखंड की जीवनरेखा है। यदि यही ट्रेन प्रतिदिन घंटों लेट चलेगी तो यात्रियों का रेलवे से विश्वास कमजोर होगा। उन्होंने कहा कि भोपाल से आने वाली ट्रेन लगातार लेटलतीफी के कारण यात्री संख्या पर प्रभाव पड़ना स्वाभाविक है और रोजाना की लेटलतीफी यात्रियों को समस्या दे रही है। रेलवे सुविधा संघर्ष समिति ने जीएम डीआरएम को भेजे पत्र में रेलवे प्रशासन को तत्काल कारणों की समीक्षा कर ट्रेन का समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने की मांग की है।उल्लेखनीय है कि भोपाल आने जाने में इस ट्रेन में बसों के मुकाबले काफी कम और किफायती किराया लगता है और यात्रा भी आरामदायक होकर सुरक्षित रहती है इसलिए यात्री बसों के मंहगे किराए की अपेक्षा इस ट्रेन में यात्रा करना सुविधाजनक समझते हैं।
बॉक्स
––––
1 जुलाई से 25 जुलाई तक एक भी दिन समय से नहीं आई भोपाल इंटरसिटी
–––––––
जीएम डीआरएम को भेजे गए पत्र में भोपाल ग्वालियर इंटरसिटी ट्रेन की लेट लतीफी समस्या का उल्लेख करते हुए बताया गया कि 1 जुलाई से 25 जुलाई तक की समयावधि में भोपाल से चलकर ग्वालियर जाने वाली इंटरसिटी ट्रेन एक भी दिन बदरवास स्टेशन पर अपने निर्धारित समय सायं 8:36 पर नहीं आई है। आधा घंटा,एक घंटा से लेकर तीन से चार घंटे से ऊपर तक की देरी से इस ट्रेन का बदरवास स्टेशन पर आना हो पाया है। पच्चीस दिन की समयावधि में लगातार इस ट्रेन का देरी से चलकर आना विभाग की यात्रियों के प्रति उदासीनता ही मानी जाएगी। स्टेशन पर भोपाल से आने वाली ट्रेन आने का इंतजार यात्रियों के लिए काफी कष्टकारक और परेशानी से भरा रहता है।
बॉक्स
–––––
भोपाल इंटरसिटी की समय सारिणी में हो बदलाव
–––––––
अवस्थी ने बताया कि भोपाल आवागमन में क्षेत्र की लाइफ़ लाइन मानी जाने वाली ग्वालियर भोपाल ग्वालियर इंटरसिटी की समय सारिणी में संशोधन कर दिया जाए तो यात्रियों को और अधिक सुविधा मिल सकेगी। इस गाड़ी का टाइम टेबल ऐसा बनाया जाए कि ग्वालियर से चलकर
ये गाड़ी भोपाल दोपहर 12 बजे पहुंचे और भोपाल से ग्वालियर चलने का समय भी 4 से 5 बजे के लगभग हो जिससे सरकारी काम सहित व्यापारिक कार्य और चिकित्सा हेतु जाने वालों को टाइम मिल सके और वो लोग अपना काम निपटाकर उसी दिन बापिस हो सकें।
"भोपाल इंटरसिटी इस रेलखंड के यात्रियों की एकमात्र दैनिक और सबसे महत्वपूर्ण ट्रेन है भोपाल से बदरवास,शिवपुरी यह गाड़ी प्रतिदिन देरी से आ रही है समयपालन सुनिश्चित न होने से यात्री बहुत परेशान होते हैं रेलवे को इस समस्या का स्थायी समाधान करना चाहिए भोपाल ग्वालियर इंटरसिटी ट्रेन (12197)को समय से चलाने हेतु जीएम पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर और डीआरएम भोपाल को पत्र लिखा है। "
गोविन्द अवस्थी
संयोजक, रेलवे सुविधा संघर्ष समिति
