कायाकल्प अवार्ड में शिवपुरी जिला अस्पताल ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया, 5 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को भी मिला पुरस्कार - Shivpuri

 



शिवपुरी - स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, स्वच्छता और बेहतर व्यवस्थाओं के आधार पर आयोजित कायाकल्प अवार्ड में शिवपुरी जिला अस्पताल ने प्रदेशभर के सभी जिला अस्पतालों को पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जिला अस्पताल को 94.4 अंक प्राप्त हुए हैं। इस उपलब्धि पर अस्पताल को 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर ने बताया कि लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मध्यप्रदेश द्वारा गठित विशेषज्ञ दल ने प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों का विस्तृत निरीक्षण किया। मूल्यांकन के दौरान अस्पताल में स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, मरीजों को उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाएं, दवा वितरण, बायो-मेडिकल वेस्ट प्रबंधन, मरीजों की सुविधा, रिकॉर्ड संधारण, गुणवत्ता प्रबंधन, प्रसूति सेवाएं, पेयजल, शौचालय, प्रतीक्षालय, अस्पताल परिसर की साफ-सफाई तथा अन्य व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया गया। इन सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शिवपुरी जिला अस्पताल ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया।

कायाकल्प योजना का उद्देश्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता, गुणवत्ता और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इस उपलब्धि से यह स्पष्ट हुआ है कि जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ व्यवस्थाओं में भी लगातार सुधार हुआ है। अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मचारियों तथा सहयोगी अमले के सामूहिक प्रयासों से यह सफलता प्राप्त हुई है।

जिले के लिए एक और उपलब्धि यह रही कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदरवास, कोलारस, पोहरी, सतनवाड़ा एवं खनियाधाना को भी कायाकल्प सांत्वना पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। इन स्वास्थ्य केंद्रों को उनके बेहतर कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर ने इस उपलब्धि का श्रेय कलेक्टर अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन, जिला अस्पताल के सिविल सर्जन, अस्पताल प्रबंधन, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ तथा सभी कर्मचारियों की टीम भावना और निरंतर प्रयासों को दिया। उन्होंने सभी स्वास्थ्य संस्थानों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में भी मरीजों को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म