शिक्षक का कार्य केवल पढ़ाना नहीं, बल्कि संस्कारों का निर्माण करना भी है:- अवस्थी
बदरवास - विकासखंड बदरवास के शासकीय मिडिल स्कूल बक्सपुर में शिक्षक शैलेंद्र धाकड़ के स्थानांतरण पर विद्यालय परिवार द्वारा गरिमामय सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया समारोह में अतिथियों तथा विद्यालय के शिक्षकों ने उनके उत्कृष्ट शिक्षण कार्य, अनुशासन एवं विद्यालय के प्रति समर्पित सेवाओं की सराहना करते हुए भावभीनी विदाई दी।
कार्यक्रम में बतौर अतिथि प्रांतीय शिक्षक संघ के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोविन्द अवस्थी ने कहा कि एक शिक्षक केवल पाठ्यक्रम का ज्ञान ही नहीं देता बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण और उज्ज्वल भविष्य की नींव भी रखता है उन्होंने शिक्षक शैलेंद्र धाकड़ के सेवाकाल,सहज सरल व्यवहार, कार्यशैली की सराहना करते हुए नई पदस्थापना के लिए शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय प्रभारी जितेंद्र शर्मा ने कहा कि धाकड़ ने अपने कार्यकाल में विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव समर्पित भाव से कार्य किया कार्यक्रम में अतिथि मावि खजूरी के प्रभारी सीताराम प्रजापति सहित शिक्षक भगत, मोहनसिंह राजपूत,सुनील ओझा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए धाकड़ के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्थानांतरित शिक्षक शैलेंद्र धाकड़ ने विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों के स्नेह और सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बक्सपुर विद्यालय में बिताए गए पल उनके जीवन की अमूल्य स्मृतियाँ रहेंगे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Tags
Badarwas