शिवपुरी और राजस्थान पुलिस की संयुक्त कार्यवाही, मुख्य आरोपी अमन मीणा समेत दो धरे गए, चोरी गई तोप की बरामदगी के लिए दबिश जारी
सर्वेश राजपूत शिवपुरी - मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक नरवर किले से पुरातत्व धरोहर को चुराने वाले शातिर चोरों तक आखिरकार पुलिस जा पहुँची है शिवपुरी पुलिस और राजस्थान पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में इस सनसनीखेज वारदात में प्रयुक्त महिंद्रा पिकअप वाहन (RJ34GA2980) को जब्त कर लिया गया है, साथ ही दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है पुलिस अब चोरी गई तोप और बाकी अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
क्या था पूरा मामला?
पुरातत्व विभाग में चौकीदार के पद पर पदस्थ फरियादी रमेश कोली ने नरवर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 15 जुलाई 2026 की शाम करीब 06 बजे अपनी ड्यूटी खत्म कर किले से नीचे लौटा था 16 जुलाई की सुबह जब वह वापस कचहरी महल पहुँचा, तो वहाँ रखी 14 प्राचीन तोपों में से 1 तोप गायब थी अज्ञात चोर रात के अंधेरे में ऐतिहासिक धरोहर पर हाथ साफ कर चुके थे। इस घटना के बाद से ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था।
पुलिस अफसरों ने बढ़ाई इनाम की राशि
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक (ग्वालियर जोन) अरविन्द कुमार सक्सेना और उप पुलिस महानिरीक्षक डां. असित यादव ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए वहीं, पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने फरार आरोपियों पर शुरुआती तौर पर 10,000 रुपये का इनाम घोषित किया था, जिसे बाद में आईजी ग्वालियर द्वारा बढ़ाकर 30,000 रुपये कर दिया गया।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर. डी. प्रजापति और एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में एक स्पेशल टीम का गठन किया गया। सायबर सेल शिवपुरी की मदद से रूट के टोल प्लाजा और सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में एक संदिग्ध महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन (RJ34GA2980) नजर आया, जो घटना में इस्तेमाल हुआ था।
शिवपुरी पुलिस इस वाहन का पीछा करते हुए राजस्थान के करौली जिले तक जा पहुँची। करौली एसपी लोकेश सोनवाल के निर्देश पर वहाँ की स्पेशल टीम ने भी पूरी मदद की।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
25 जुलाई 2026 को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि प्रकरण का मुख्य आरोपी अमन मीणा अपने एक साथी के साथ उसी पिकअप वाहन से राजस्थान से शिवपुरी की तरफ आ रहा है। इस पर थाना नरवर और सुभाषपुरा की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर वाहन को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी
अमन कुमार (पुत्र मोहनलाल मीणा, निवासी पालनपुर, थाना सदर हिण्डोन, जिला करौली, राजस्थान)
टिम्मू राम पुत्र भूरा राम मीणा, निवासी गाँवडा मीना, थाना सदर, जिला करौली, राजस्थान
जप्त मशरुका
घटना में प्रयुक्त महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन (कीमती करीब 6,00,000 रुपये)।
तोप की बरामदगी के लिए राजस्थान में दबिश जारी
शिवपुरी पुलिस अब इस मामले की कड़ियों को आपस में जोड़ते हुए गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है। चोरी गई प्राचीन तोप को बरामद करने के लिए पुलिस की एक विशेष टीम को दोबारा जिला करौली भेजा गया है, और पुलिस का दावा है कि जल्द ही तोप को भी सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
इस सफल और त्वरित कार्रवाई को अंजाम देने में एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा, थाना प्रभारी नरवर विनय यादव, थाना प्रभारी सुभाषपुरा अरविन्द सिंह चौहान, सायबर सेल प्रभारी धर्मेन्द्र जाट, चौकी प्रभारी मगरौनी अभिमन्यु राजावत, उनि मनोज सरयाम, सउनि राधाकृष्ण बंजारा, सउनि सतीष जयन्त, प्रआर प्रभजोत सिंह, आर नरेन्द्र सिंह मोर्य, आर भूपेन्द्र सिंह (सायबर सेल), आर शिवराज यादव, आर रोहित उपाध्याय तथा डीएसटी प्रभारी करौली (राजस्थान) सउनि राम कुमार एवं उनकी टीम का विशेष योगदान रहा।
