इंदौर से ग्वालियर जा रही थी स्लीपर कोच, सुबह हुआ हादसा, यात्रियों के टोकने पर भी लापरवाही से गाड़ी दौड़ा रहा था चालक
सर्वेश राजपूत शिवपुरी - शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे-46 (NH-46) पर बुधवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया इंदौर से ग्वालियर की ओर जा रही कृष्णा ट्रेवल्स की एक तेज रफ्तार स्लीपर कोच बस अनियंत्रित होकर हाईवे के डिवाइडर) में जा उतरी, राहत की बात यह रही कि बस पलटने से बच गई, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई। हादसे में कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई है
गीली मिट्टी ने बचाई कई जानें
मिली जानकारी के अनुसार, कृष्णा ट्रेवल्स की बस (क्रमांक MP 31 ZD 8199) बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे बदरवास के सड़ बाईपास के पास पहुंची ही थी कि अनियंत्रित हो गई。 रफ्तार तेज होने के कारण बस सीधे डिवाइडर पर चढ़ गई। गनीमत रही कि मीडियन में मौजूद गीली मिट्टी में बस के पहिए धंस गए, जिसने बस की गति को रोक दिया और उसे पलटने से बचा लिया। दुर्घटना के तुरंत बाद बस का चालक और अन्य स्टाफ यात्रियों को संकट में छोड़कर मौके से फरार हो गए。
यात्रियों को सुरक्षित निकाला, प्राथमिक उपचार के बाद घर भेजा
घटना की सूचना मिलते ही बदरवास थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए बस के भीतर फंसे सहमे हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में बामौरकला की रहने वाली मोनिका जाटव सहित कुछ अन्य यात्रियों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार दिलाने के बाद घर रवाना कर दिया गया। इसके बाद पुलिस ने यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था की।
सवारी चीखती रही, पर ड्राइवर ने नहीं कम की रफ्तार
सफर कर रहे यात्रियों ने बस प्रबंधन और चालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। यात्रियों का कहना है कि ड्राइवर शुरुआत से ही बस को बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रहा था। रास्ते में कई बार यात्रियों ने उसे टोकते हुए गति धीमी करने को कहा, लेकिन उसने हर बार अनसुना कर दिया। फिलहाल, बदरवास थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

