शिवपुरी - विद्या भारती मध्य भारत प्रांत द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर गणेश कॉलोनी, शिवपुरी के तत्वावधान में सीआरपीएफ प्रशिक्षण केंद्र शिवपुरी में रक्षा बंधन पर्व के उपलक्ष्य में भावपूर्ण एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की बहनों ने देश की सुरक्षा में समर्पित सीआरपीएफ जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर भाई-बहन के पवित्र स्नेह के साथ राष्ट्रसेवा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए विद्यालय के प्रबंधक जितेंद्र परसाई ने कहा कि रक्षा बंधन केवल भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का पर्व नहीं है, बल्कि राष्ट्र की सुरक्षा में अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले वीर जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भी अवसर है।
सीआरपीएफ जवान देश की सीमाओं एवं आंतरिक सुरक्षा में जिस साहस, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं, वह समाज और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय की बहनों द्वारा जवानों को रक्षा सूत्र बांधना राष्ट्र और समाज के बीच आत्मीय संबंधों को मजबूत करने वाला भावपूर्ण प्रयास है।
इस अवसर पर सीआरपीएफ के पुलिस महानिरीक्षक
राजीव कुमार ठाकुर ने कहा कि रक्षा बंधन भारतीय संस्कृति में प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पवित्र पर्व है सरस्वती शिशु मंदिर गणेश कॉलोनी की बहनों ने जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर जिस आत्मीयता और सम्मान का परिचय दिया है, उससे जवानों का उत्साह और मनोबल बढ़ा है उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा में जुटे जवानों को समाज का स्नेह, सम्मान और विश्वास नई ऊर्जा प्रदान करता है उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, संस्कार एवं कर्तव्यनिष्ठा को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की बहनों ने सीआरपीएफ के पुलिस महानिरीक्षक राजीव कुमार ठाकुर, द्वितीय कमान अधिकारी नवीन चंद्र, सहायक कमांडेंट पवन कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारियों एवं जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधे बहनों ने जवानों के प्रति सम्मान एवं आत्मीयता व्यक्त करते हुए उनके स्वस्थ, सुखी एवं सुरक्षित जीवन की कामना की।
इस अवसर पर सरस्वती विद्यापीठ आवासीय विद्यालय के प्रबंधक पवन शर्मा, सरस्वती शिशु मंदिर गणेश कॉलोनी की प्राचार्या श्रीमती नम्रता सेंगर सहित विद्यालय के आचार्य-दीदी एवं विद्यालय की बहनें उपस्थित रहीं ।
कार्यक्रम में विद्यालय की बहनों और सीआरपीएफ जवानों के बीच भाई-बहन के स्नेह, सम्मान, आत्मीयता तथा राष्ट्रसेवा की भावना का सुंदर संगम देखने को मिला रक्षा सूत्र बांधने के इस अवसर ने विद्यार्थियों को राष्ट्ररक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधक पवन शर्मा ने सीआरपीएफ के अधिकारियों एवं जवानों, विद्यालय की बहनों, आचार्य-दीदी तथा उपस्थित सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया उन्होंने कहा कि राष्ट्ररक्षकों के साथ रक्षा बंधन मनाना विद्यार्थियों के लिए गौरव, संस्कार और प्रेरणा का विषय है। कार्यक्रम ने रक्षा बंधन के पर्व को राष्ट्रसेवा और सामाजिक एकात्मता के भाव से जोड़ते हुए एक प्रेरणादायी संदेश प्रस्तुत किया।
Tags
Shivpuri
