कोलारस - शिवपुरी जिले के कोलारस नगर के वार्ड क्रमांक-1 स्थित लोधी मोहल्ला के रहवासियों ने बुधवार को बिजली विभाग कार्यालय पहुंचकर स्मार्ट मीटर हटाने की मांग को लेकर उपयंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा रहवासियों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से बिजली बिलों में काफी बढ़ोतरी हो गई है जिससे आम उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
रहवासियों ने कहा कि उनके मोहल्ले में लगाए गए स्मार्ट मीटरों के कारण पहले की तुलना में अधिक बिल आ रहे हैं जिन्हें जमा करना उनके लिए मुश्किल हो रहा है उनका कहना है कि पूरे कोलारस शहर में अभी स्मार्ट मीटर नहीं लगाए गए हैं बल्कि केवल कुछ चुनिंदा क्षेत्रों में ही इन्हें लगाया गया है ऐसे में केवल उनके मोहल्ले में स्मार्ट मीटर लगाए जाना उचित और न्यायसंगत नहीं है।
रहवासियों ने मांग की कि यदि सरकार और बिजली विभाग पूरे शहर में एक साथ स्मार्ट मीटर लगाने में सक्षम नहीं हैं तो उनके मोहल्ले से भी स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर दोबारा लगाए जाएं उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस संबंध में बिजली विभाग के अधिकारियों द्वारा उनके साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी गई है कि यदि उनकी मांग पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे न्यायालय की शरण लेने के लिए मजबूर होंगे साथ ही आक्रोशित रहवासियों ने यह भी कहा कि यदि विभाग ने समय रहते समाधान नहीं किया तो वे अपने घरों में लगे स्मार्ट मीटर हटाने का कदम उठा सकते हैं जिसकी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी इस दौरान बड़ी संख्या में लोधी मोहल्ला के निवासी मौजूद रहे।
