उत्तर प्रदेश की चर्चित IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने भारतीय प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा दे दिया है। 2013 बैच की IAS दिव्या मित्तल ने सोशल मीडिया पर अपने 13 साल के सफर को याद करते हुए बेहद भावुक पोस्ट लिखी है।
IIT दिल्ली और IIM बैंगलोर से पढ़ाई के बाद दिव्या मित्तल की लंदन में नौकरी लगी थी। लेकिन विदेश में शानदार करियर के बावजूद उन्हें अपने देश से दूर रहना खलता रहा। वह भारत लौटीं और IAS अधिकारी बनीं।
अपने प्रशासनिक सफर को याद करते हुए उन्होंने लिखा कि देवरिया ने उन्हें सिखाया कि सही के साथ खड़ा होना विकल्प नहीं, कर्तव्य है, जबकि मीरजापुर ने सिखाया कि ‘असंभव’ कोई तथ्य नहीं, सिर्फ एक राय है।
दिव्या मित्तल ने उन लोगों को भी याद किया, जिनकी जिंदगी में प्रशासन के जरिए बदलाव लाने का उन्हें मौका मिला—किसी परिवार को पहली बार जमीन का हक मिला, किसी दिव्यांग को सम्मान से जीने का अवसर और किसी किसान के खेत तक पानी पहुंचा।
उनकी पोस्ट का सबसे भावुक हिस्सा लहुरिया दह की पहाड़ी की एक वृद्ध महिला से जुड़ा है। गांव में पहली बार पानी पहुंचने पर वृद्ध महिला ने कुछ नहीं कहा, बस कांपते हाथों से दिव्या मित्तल के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया।
दिव्या मित्तल ने लिखा कि पद आज छूट गया, लेकिन उस वृद्ध मां का स्पर्श जीवन भर नहीं छूटेगा और न ही वह सपना छूटेगा, जो देश की मिट्टी ने उन्हें दिया है।
हालांकि अपनी लंबी पोस्ट में दिव्या मित्तल ने IAS छोड़ने की कोई स्पष्ट वजह नहीं बताई है अब उनके अगले कदम को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
Tags
UP News
